Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पानी की बोतल के मामूली पैसे को लेकर हुए विवाद में एक 12 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस खूनी झड़प में एक और युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। यह घटना बहेड़ा थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोतीपुर गांव निवासी अकलू साहू के बेटे गोलू कुमार साहू और चंदन साहू का अपने पड़ोसी प्रमोद साहू के साथ पानी की बोतल के पैसे को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हाथापाई से बढ़कर चाकूबाजी तक पहुंच गया। इस हमले में गोलू कुमार साहू और चंदन साहू बुरी तरह घायल हो गए।






मासूम गोलू ने अस्पताल में तोड़ा दम, चंदन डीएमसीएच रेफर
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायल युवकों को बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने 12 वर्षीय गोलू कुमार साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चंदन साहू की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस हरकत में आ गई। थानाध्यक्ष पंकज कुमार अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू करवाई। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी प्रमोद साहू की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर से समाज में बढ़ते हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








