Bihar Education: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा ने छात्रों के भविष्य के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई सिंडिकेट की बैठक में कई नए व्यावसायिक और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को हरी झंडी मिल गई है। अब विश्वविद्यालय के अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में बी.बी.ए., बी.सी.ए., एम.बी.ए. और इंटीग्रेटेड बी.एड. जैसे महत्वपूर्ण कोर्स शुरू हो सकेंगे, जिससे बिहार के छात्रों को अपने ही राज्य में बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे।







छात्रों के लिए खुलेंगे नए करियर के रास्ते
सिंडिकेट की बैठक में 24 जून को हुई विद्वत परिषद् के सभी अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई। इन निर्णयों में सबसे प्रमुख छात्रों के लिए नए पाठ्यक्रमों का शुभारंभ है। इन नए कोर्स से न सिर्फ छात्रों को आधुनिक शिक्षा मिलेगी, बल्कि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे।
- सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में बीबीए (BBA) की पढ़ाई प्रारंभ होगी।
- सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में बीसीए (BCA) की पढ़ाई प्रारंभ होगी।
- बीएमए कॉलेज, बहेड़ी में संगीत विषय में स्नातक स्तरीय पढ़ाई शुरू होगी।
- सीएम कॉलेज, दरभंगा में फारसी विषय में स्नातक स्तरीय पढ़ाई शुरू होगी।
- सीएम कॉलेज में पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन (PGDT) कोर्स प्रारंभ होगा।
- सीएम कॉलेज में सत्र 2026-30 से 4 वर्षीय स्नातक इंटीग्रेटेड बीएड प्रोग्राम (Integrated Teacher Education Program) का पाठ्यक्रम शुरू होगा।
- आरके कॉलेज, मधुबनी में एमबीए (MBA) प्रोग्राम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ करने की स्वीकृति मिली है।
सिंडिकेट की बैठक में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी के आवासीय कार्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में हाइब्रिड मोड में यह बैठक कल देर शाम आयोजित हुई थी। इसमें प्रो हरि नारायण सिंह, प्रो दिलीप कुमार चौधरी, प्रो अशोक कुमार मेहता, प्रो विजय कुमार यादव, डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, मीणा झा, डॉ अमर कुमार एवं प्रो नारायण झा सहित कई सदस्य शामिल हुए। प्रभारी कुलसचिव प्रो अशोक कुमार मेहता ने बैठक हेतु निर्धारित गणपूर्ति की सूचना दी, जिसके बाद कुलपति के आदेश से कार्यवाही शुरू हुई।बैठक में 3 जून को हुई अभिषद् की बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि की गई। साथ ही, 26 मई और 3 जून को संपन्न हुई पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन पर संतोष व्यक्त किया गया। 24 जून को हुई वित्त समिति और विद्वत-परिषद् के निर्णयों के अनुपालन पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रो हरि नारायण सिंह के पूछने पर डीएसडब्ल्यू प्रो मेहता ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में नामांकन की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि नामांकन सूची शीघ्र ही निकाल दिए जाने की संभावना है।
इस बैठक का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी कुलसचिव प्रो अशोक कुमार मेहता ने किया। इन फैसलों से ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में शैक्षणिक माहौल और मजबूत होगा, जिसका सीधा लाभ छात्रों को मिलेगा।









You must be logged in to post a comment.