Darbhanga Bhagwati Mandir: दरभंगा के इस 250 साल पुराना भगवती मंदिर में आधी रात हुआ ‘ चमत्कार’ ! चोरों की साजिश ऐसे हुई फेल, जानकर चौंक जाएंगे। देर रात तेज आंधी, बारिश और बिजली गुल रहने का फायदा उठाते हुए दो अपराधगर्द मंदिर परिसर में घुस गए। स्थानीय लोगों की तत्परता और मां भागवती की कृपा, लोग जागने लगे।थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि चोरी के प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पढ़िए -मंदिर में स्थापित मां भगवती के सोने के मुकुट, नथिया, कान के आभूषण और हार चोरी होने से कैसे बची?
बिहार के दरभंगा जिले में एक बड़ी चोरी की कोशिश नाकाम हो गई है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद स्थित 250 साल पुराने भगवती मंदिर में रविवार देर रात चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ और सतर्कता के कारण उनकी मंशा सफल नहीं हो सकी। मंदिर में स्थापित मां भगवती के सोने के मुकुट, नथिया, कान के आभूषण और हार जैसे लाखों रुपये के कीमती जेवर सुरक्षित बच गए। पुलिस अब इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।






आंधी-बारिश में चोरों ने दी वारदात को अंजाम, ऐसे फेल हुई साजिश
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात तेज आंधी, बारिश और बिजली गुल रहने का फायदा उठाते हुए दो अपराधगर्द मंदिर परिसर में घुस गए। पहले उन्होंने मुख्य ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन जब इसमें नाकाम रहे, तो ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान ग्रिल तोड़ने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोगों को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ।
जानकारी है कि रात में भयंकर तूफान और बारिश हो रही थी। इस बीच मंदिर परिसर में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। उस वक्त बिजली कटी हुई थी, लेकिन संयोगवश कुछ देर के लिए बिजली आ गई, जिससे चोरों की गतिविधि स्पष्ट हो गई और वे मौके से भाग निकले। तुरंत लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
आस्था का केंद्र है 250 साल पुराना भगवती मंदिर
कादिराबाद का भगवती मंदिर करीब ढाई सौ वर्ष पुराना है और इस क्षेत्र के लोगों की इस मंदिर से गहरी आस्था जुड़ी हुई है। यह मंदिर न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि इसकी ऐतिहासिक पहचान भी है। मंदिर में स्थापित मां भगवती की प्रतिमा और उनके आभूषणों का विशेष महत्व है, जिन्हें बचाने में स्थानीय लोगों की सक्रियता ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, संदिग्धों की तलाश जारी
थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि चोरी के प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। रात का समय होने के कारण उस वक्त कोई विशेष जानकारी नहीं मिल पाई, लेकिन पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा,
चोरी के प्रयास की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। रात होने के कारण तत्काल कुछ विशेष जानकारी नहीं मिल सकी, लेकिन मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। स्थानीय लोगों की सतर्कता ने एक बड़े नुकसान को टाल दिया है और अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर है।







