Buxar News: बिहार के बक्सर जिले में भाजपा क्रीड़ा मंच के जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय उर्फ विद्रोही को नशे की हालत में कार चलाते हुए गिरफ्तार किया गया है। शनिवार रात वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ा। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं, क्योंकि दुर्गेश उपाध्याय का पहले भी पुलिस अधिकारियों से विवाद हो चुका है।
शराब के नशे में धुत मिले भाजपा नेता, गाड़ी भी जब्त
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना शनिवार रात की है। नई बाजार इलाके में पुलिस टीम वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोका गया, जिसके चालक की पहचान भाजपा क्रीड़ा मंच के जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय उर्फ विद्रोही के रूप में हुई। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर उनके शराब पीने की पुष्टि हुई।





पुलिस के अनुसार, दुर्गेश उपाध्याय ने गाड़ी रोके जाने पर पुलिसकर्मियों के साथ हंगामा भी किया। शराब के नशे में होने की पुष्टि होते ही उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया और उनकी कार भी जब्त कर ली गई। फिलहाल, उन्हें जुर्माने के लिए कोर्ट भेज दिया गया है, और जब्त की गई कार कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही छोड़ी जाएगी।
पुराने विवाद से जोड़कर देखी जा रही गिरफ्तारी
दुर्गेश उपाध्याय की यह गिरफ्तारी कई सवाल खड़े कर रही है। दरअसल, बीते दिनों उनका नगर थाना के पुलिस अधिकारियों से किसी मामले को लेकर कहासुनी हुई थी। यह मामला जिला बीस सूत्री की बैठक में भी उठा था। अब उनकी ताजा गिरफ्तारी को उसी पुराने विवाद से जोड़कर ‘खुन्नस’ के तौर पर भी देखा जा रहा है।
भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी ने दुर्गेश उपाध्याय की इस गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्षता पर संदेह व्यक्त किया है।
बक्सर में यह घटना अब चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस की कार्रवाई और भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सबकी नजर है। यह देखना होगा कि इस मामले में और क्या नए मोड़ आते हैं।







