Bihar Darbhanga Airport: मिथिलांचल के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अब दरभंगा एयरपोर्ट से नाइट लैंडिंग उड़ान सेवा की शुरुआत जल्द होने जा रही है। इससे यात्रियों को खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण होने वाली परेशानी से मुक्ति मिलेगी। सभी आवश्यक आधारभूत संरचना, उपकरण और अन्य औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है। अब केवल रक्षा मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने का इंतजार है, जिसके बाद नाइट लैंडिंग का परिचालन शुरू हो जाएगा।
स्थानीय सांसद सह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन डा. गोपाल जी ठाकुर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद डा. ठाकुर ने बताया कि रक्षा राज्यमंत्री श्री सेठ जल्द ही दरभंगा आएंगे और एक समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक के बाद रक्षा मंत्रालय से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर नाइट लैंडिंग सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने इस कदम को मिथिला के विकास में एक नया आयाम बताया।






नाइट लैंडिंग के लिए पूरी हुई तैयारी, वॉच आवर बढ़ाने की मांग
सांसद डा. गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री श्री संजय सेठ से हुई चर्चा में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दरभंगा एयरफोर्स स्टेशन पर MAFI (माफी-2) योजना से लगे CAT का उपयोग यात्री विमान परिचालन के लिए हो सके, इसके लिए एयरफोर्स स्टेशन द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया जाना आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि देश के अन्य सभी एयरबेस पर वॉच आवर सुबह 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक होता है, जबकि दरभंगा एयरबेस पर यह समय कम है। इसे बढ़ाने से एयरपोर्ट पर यात्री विमानों की नाइट लैंडिंग सेवा शुरू हो सकेगी।

डा. ठाकुर ने जानकारी दी कि नाइट लैंडिंग के लिए 900 मीटर में इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण, 600 मीटर में मिट्टी भराई का काम, तीन तरफ से दीवार का निर्माण, बगल में पक्की सड़क और लेवलिंग ग्रेडिंग जैसे सभी निर्माणाधीन कार्य पूरे हो चुके हैं। अन्य शेष निर्माण कार्यों को भी शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, बढ़ेगा राजस्व
सांसद डा. ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री के साथ इस बात पर भी चर्चा की कि नाइट लैंडिंग सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रतिकूल मौसम, सर्दियों में कोहरे और कम दृश्यता की स्थिति में अक्सर विमानों को रद्द करना पड़ता है या उन्हें बीच रास्ते से ही डायवर्ट करना पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वॉच आवर बढ़ने और नाइट लैंडिंग सुविधा उपलब्ध होने के बाद Bihar Darbhanga Airport न केवल बिहार में, बल्कि देश स्तर पर भी यात्री विमान सेवा और राजस्व संग्रह में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। यह कदम क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति देने में भी सहायक होगा।









