Bihar Protest: आज पटना की सड़कों पर कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। इनकम टैक्स गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले छात्र अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर सड़क पर उतरे थे।
जेपी गोलंबर से इनकम टैक्स तक हंगामा
कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI के बैनर तले यह प्रदर्शन 24 जुलाई को ही घोषित किया गया था। प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर के पास लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। पुलिस बलों की भारी तैनाती के बावजूद, छात्र संगठनों के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर इनकम टैक्स गोलंबर तक पहुंच गए, जहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई।






वॉटर कैनन का इस्तेमाल और पुलिस से झड़प
इनकम टैक्स गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों की बढ़ती भीड़ और उग्र तेवर को देखते हुए पुलिस को उन्हें रोकने के लिए वॉटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। इसके बाद भी जब छात्र पीछे नहीं हटे तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच सीधी झड़प हो गई। छात्रों ने सीएम हाउस का घेराव करने की कोशिश की, जिससे पुलिस को उन्हें रोकने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
छात्रों की ये हैं 5 प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार से अपनी पांच प्रमुख मांगें पूरी करने की अपील की है। ये मांगें राज्य के छात्रों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं पर केंद्रित हैं।
- बिहार में पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगे।
- राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं।
- शिक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए।
- भर्ती परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं को खत्म किया जाए।
- छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज की जांच हो।
छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो उनका आंदोलन और तेज होगा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए हैं।








