Bihar Accident: सतीश चंद्र झा दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां धरौरा-दरभंगा पथ पर एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचल दिया. इस भीषण टक्कर में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना बेनीपुर में भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के पास हुई.
पूजा कर घर लौट रहे थे दोनों भाई, रास्ते में हुआ हादसा
सोनकी थाना क्षेत्र के साहिला रसलपुर निवासी अरुण यादव (42 वर्ष) अपने भाई उमेश यादव के साथ बाबा कुशेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर कुशेश्वर स्थान से अपने घर लौट रहे थे. धरौरा-दरभंगा पथ पर भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के समीप अचानक एक हाईवा ने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी.
मौके पर हुई मौत, एसएसपी ने दिखाई संवेदनशीलता
इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक अरुण यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. उनके साथ मौजूद सगे भाई उमेश यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के तत्काल बाद उसी रास्ते से गुजर रहे वरीय आरक्षी अधीक्षक जगुनाथ जलारेडी ने दुर्घटना देखकर अपनी गाड़ी रोकी. उन्होंने तुरंत बहेड़ा थाना अध्यक्ष को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों भाइयों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अरुण यादव को मृत घोषित कर दिया. उमेश यादव का प्राथमिक उपचार किया गया और घटना के संबंध में उनसे पूछताछ की जा रही है. टक्कर मारने वाला हाईवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया है.
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने मृतक अरुण यादव के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. शव का पंचनामा करने के बाद उसे अंतः परीक्षण के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है. पुलिस फरार हाईवा चालक और वाहन की तलाश में जुट गई है, ताकि इस दर्दनाक Bihar Accident के जिम्मेदार को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके.








You must be logged in to post a comment.