Bihar Indra Puja: इंद्र पूजा शुरू होते ही बिहार में राहत की बूंदें बरसी हैं, जिससे किसानों के चेहरे आस्था और उम्मीद से खिल उठे हैं। जाले के बंधौली पंचायत स्थित धमाद गांव में 23 सितंबर से शुरू हुई इंद्र पूजा के बाद हुई बूंदाबांदी ने ग्रामीणों की आस्था को और मजबूत कर दिया है। पूजा की शुरुआत के साथ ही आसमान से बरसी फुहार को ग्रामीण भगवान देवराज इंद्र की कृपा मान रहे हैं। इस घटना ने गांव में धार्मिक उत्साह के साथ किसानों के बीच खरीफ फसल को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
ग्रामीणों का मानना है कि इंद्र पूजा के दौरान बारिश होना बेहद शुभ संकेत होता है। खासकर खेती पर निर्भर ग्रामीण परिवारों के लिए वर्षा केवल मौसम का एक हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन और आजीविका से जुड़ी गहरी आस्था का विषय भी है। ऐसे में पूजा के साथ हुई बूंदाबांदी से लोगों में खुशी का माहौल है।
धान की फसल को मिला जीवनदान, बढ़ी किसानों की आस
सूखे खेतों में धान की फसल इस समय विकास की महत्वपूर्ण अवस्था में है। धान के पौधों में गाभा आने के साथ अगात प्रभेद की फसल में फुटान शुरू हो चुकी है। हल्की फुहार से खेतों में नमी बनी रहने से पौधों के विकास में तेजी आने की उम्मीद है। किसानों के अनुसार, यह बारिश धान की फसल के लिए जीवनदान साबित होगी।
आस्था और कृषि जीवन का गहरा जुड़ाव
किसान मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में यदि अनुकूल मौसम और पर्याप्त बारिश हुई, तो धान की फसल को अच्छा लाभ मिलेगा। इंद्र पूजा के दौरान हुई बारिश को ग्रामीण धार्मिक आस्था और कृषि जीवन के आपसी जुड़ाव के रूप में देख रहे हैं। पूजा-अर्चना के साथ खेतों की हरियाली और अच्छी फसल की कामना का सिलसिला भी जारी है। ग्रामीणों के बीच यह गहरा विश्वास है कि भगवान इंद्र की कृपा बनी रही, तो खेतों में धान की फसल लहलहाएगी और किसानों के घरों में खुशहाली आएगी।







