Darbhanga Crime: दरभंगा में एक रेस्टोरेंट संचालक मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के सरसोपाही रामपुर गांव निवासी अवधेश कुमार झा के पुत्र सुमित कुमार झा जो झटका मीट रेस्टोरेंट चलाकर जीवनयापन करते हैं, को उधारी के पैसे मांगना महंगा पड़ गया। नगर थाना क्षेत्र के सर्वे कार्यालय परिसर स्थित उसके मीट रेस्टोरेंट में बुधवार देर शाम लगभग 20 दबंग युवकों ने हथियार से लैस होकर जमकर उत्पात मचाया। इन युवकों ने बेरहमी से संचालक की पिटाई की और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ भी की।
इस हमले में रेस्टोरेंट संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इन दबंगों ने न सिर्फ संचालक को पीटा, बल्कि विरोध करने पर महिला कर्मियों के साथ भी मारपीट की। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
उधारी मांगने पर मिली खौफनाक सजा
जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट संचालक ने कुछ युवकों से उधारी के पैसे मांगे थे। इसी बात से नाराज होकर बुधवार देर शाम ये युवक रेस्टोरेंट पहुंचे। उनके हाथों में चाकू-छुरी जैसे धारदार हथियार थे। उन्होंने आते ही रेस्टोरेंट की कुर्सी-टेबल तोड़नी शुरू कर दी और फिर संचालक पर टूट पड़े। इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास के लोग भी सहम गए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्रिय हो गई है। नगर थाना पुलिस रेस्टोरेंट और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घायल रेस्टोरेंट संचालक का इलाज डीएमसीएच में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







