Darbhanga Durga Puja: प्रभास रंजन दरभंगा। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी जिलों में विशेष अलर्ट घोषित किया है, जिसका सीधा असर त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर दिखेगा।
डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि तीनों जिलों की पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने का निर्देश दिया गया है। खासकर, मधुबनी जिले के सीमावर्ती इलाकों पर पैनी नजर रखने के खास आदेश दिए गए हैं ताकि किसी भी तरह की बाहरी घुसपैठ या अशांति को रोका जा सके।
डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने अपील की है कि ‘तीनों जिलों के लोग दुर्गा पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाएं और शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखें।’
पूजा पंडालों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पूजा के दौरान महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सुरक्षाकर्मी लगातार गश्त पर रहेंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, सादे लिबास में जवान तैनात
पूर्व के वर्षों में जहां अप्रिय घटनाएं हुई हैं, ऐसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। पुलिसकर्मियों को किसी भी घटना को रोकने के लिए अत्यधिक सतर्क रहने को कहा गया है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। इन्हें विशेष रूप से पूजा पंडालों में पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि असामाजिक तत्वों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। यह कदम त्योहार के दौरान आम जनता की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए उठाया गया है।







