Madhubani News: मधुबनी, 4 नवंबर, 2026: मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजगढ़ में घटित संवेदनशील घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित और कड़ा रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने अभियुक्त की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और कार्रवाई को तेज करने के उद्देश्य से समाहरणालय में एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सभी पुलिस उपाधीक्षक समेत कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप पूरी सक्रियता और तत्परता के साथ छापेमारी अभियान तेज किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर कोई भी शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए ‘मिशन मोड’ में 5 टीमें
बलिराजगढ़ घटना के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कुल पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। डीएम श्री शर्मा ने इन सभी टीमों को ‘मिशन मोड’ में कार्य करने का निर्देश दिया है। उन्हें कहा गया है कि वे निर्धारित वर्क प्लान के अनुरूप पूरी सक्रियता से अभियान चलाएं और जल्द से जल्द अभियुक्त को गिरफ्तार करें। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर उपलब्ध सूचनाओं और संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा कार्रवाई की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा, चौकीदार निलंबित
इस गंभीर मामले में न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने बताया कि मामले का स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव और अनुशंसा जुडिशियरी को भेज दी गई है, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। इस घटना में आरोपी एएसआई के विरुद्ध बाबूबरही थाना में हत्या का मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, घटना के दौरान कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित चौकीदार को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा भी की गई है।
जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी
जिला पदाधिकारी ने जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी थानों को पूरी तरह एलर्ट और एक्टिव रहने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी संवेदनशील गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया। डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि शांति व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
“जिले में शांति, सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द का वातावरण कायम रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।” – श्री आनंद शर्मा, जिला पदाधिकारी, मधुबनी।
साइबर सेल को भी विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर रखने, भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान करने और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। डीएम श्री आनंद शर्मा ने जिलावासियों से शांति, सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न देने और बिना सत्यापन के संवेदनशील सामग्री साझा न करने का आग्रह किया है।






