झंझारपुर, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। बीते बुधवार की देर शाम अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों के साथ एसडीपीओ आशीष आनंद (SDPO Ashish Anand said) ने क्राइम मीटिंग करते हुए कहा कि एंटी लीकर छापेमारी के दौरान छापेमारी दस्ता दल अपने साथ ब्रेथ एनेलाइजर भी रखेंगे ताकि शराब पीकर मटरगश्ती करने वाले लोगों की पहचान हो सके।
अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना अध्यक्ष वाहन चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनालाइजर भी अपने साथ रखेंगे। ताकि शराब पीकर किसी भी प्रकार के वाहन चलाने वाले लोगों की त्वरित गति से पहचान हो सके और कार्रवाई भी हो सके। क्राइम मीटिंग में थाना के सभी पेंडिंग कांडों की थाना वाइज समीक्षा की गई।

विभिन्न थाना में लूट, गृह भेदन, चोरी एवं अन्य पेंडिंग मामलों की त्वरित गति से निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही फरार वारंटियों की सूची बनाकर लगातार छापेमारी करने का भी निर्देश दिया। एसडीपीओ श्री आनंद ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर सूचना तंत्र मजबूत करेंगे और सोशल मीडिया पर भी पुलिस अपनी नजर बनाए रखे।
बैठक में इंस्पेक्टर महफूज आलम, झंझारपुर एसएचओ राशिद परवेज, भैरवस्थान के रूपक कुमार अंबुज, रुद्रपुर के अशोक कुमार, लखनौर की नीलिमा कुमारी, मधेपुर एसएचओ हरि किशोर, भेजा थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, आरएस ओपी के पुरुषोत्तम कुमार, अड़रिया ओपी के बलवंत कुमार, अंधराठाढ़ी थाना के जितेंद्र कुमार सहनी मौजूद थे।

















