दरभंगा, देशज टाइम्स। श्रम अधीक्षक, दरभंगा राकेश रंजन की टीम लगातार बेहतर काम कर रही है। इस बार फिर इस टीम ने दोनार के एक होटल सत्कार से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराते हुए उसे बेहतर जिंदगी जीने के लिए प्रेरित किया है।
जानकारी के अनुसार, दरभंगा सदर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मोहन कुमार के नेतृत्व में दरभंगा नगर निगम अन्तर्गत विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में धावा दल की टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया।






सघन जांच अभियान के दौरान धावा दल की टीम ने दोनार चौक के होटल सत्कार से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया। श्रम अधीक्षक ने बताया कि विमुक्त बाल श्रमिकों को बाल कल्याण समिति, दरभंगा के समक्ष उपस्थापित कर निर्देशानुसार उन्हें बाल गृह में रखा गया है। एवं बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत नियोजक के विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि धावा दल की टीम की ओर से आज लोहिया चौक से दरभंगा टावर होते हुए दरभंगा रेलवे स्टेशन, दोनार चौक स्थित सभी दुकान एवं प्रतिष्ठान में सघन जांच की गई।तथा सभी नियोजकों से किसी भी बाल श्रमिक को नियोजित नहीं करने के लिए एक शपथ पत्र भरवाया गया।
जानकारी के अनुसार, धावा दल नियमित रूप से प्रत्येक सप्ताह में दरभंगा शहर के साथ-साथ सभी अनुमण्डल एवं प्रखण्ड मुख्यालयों में सघन जांच अभियान संचालित करती है तथा बाल श्रमिकों को नियोजित करने वाले नियोजकों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जाती है।
उन्होंने कहा कि आज की इस धावा दल टीम के सदस्य के रूप में कुशेश्वरस्थान, सिंहवाड़ा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के साथ आश्रय ट्रस्ट स्वयंसेवी संस्था के सदस्य निवेश कुमार, प्रयास संस्था से नारद मंडल एवं संदीप कुमार झा, कार्ड्स संस्था से नारायण कुमार मजमुदार, तहसीन आलम एवं अन्य शामिल थे।








