Darbhanga Liquor Smuggling: शराबबंदी वाले दरभंगा जिले में अवैध शराब की होम डिलीवरी करने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। बहेड़ा और बेनीपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शराब तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इन धंधेबाजों के पास से भारी मात्रा में नेपाली देसी और देसी चुलाई शराब के साथ दो बाइक भी जब्त की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में खलबली मच गई है।
बहेड़ा थाना ने जब्त की 26 लीटर नेपाली शराब
गुरुवार की देर शाम बहेड़ा थाना पुलिस ने अंटौर मोतीपुर मुख्य मार्ग पर विशेष अभियान चलाया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि होम डिलीवरी के लिए बाइक पर शराब ले जा रहे दो धंधेबाजों को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस की गाड़ी देखकर बाइक सवार भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें घेरकर पकड़ लिया गया। बाइक के पीछे एक प्लास्टिक बोरे में 300 एमएल की 88 बोतल नेपाली देसी ‘मामाश्री’ शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 26 लीटर 400 एमएल है।






थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया, “होम डिलीवरी करने जा रहे बाइक सवार पुलिस की गाड़ी देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। प्रदीप पासवान और उसके पीछे बैठे सवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।”
गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान प्रदीप पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी ग्लैमर बाइक भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बेनीपुर में देसी चुलाई शराब के साथ दो गिरफ्तार
वहीं, दूसरी ओर बेनीपुर थाना क्षेत्र में भी मद्य निषेध पुलिस ने गुरुवार की शाम बड़ी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष श्री निवास ने बताया कि बाइक पर देसी चुलाई शराब ले जा रहे दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को शक हुआ और बाइक सवारों को रोककर चेक किया गया, तो उनके छोले से देसी चुलाई शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार किए गए दोनों धंधेबाज बेनीपुर के भेरियाही टोला निवासी संजीव पासवान और मोहम्मद आलम हैं। ये दोनों शराब कारोबारी के रूप में जाने जाते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक और शराब जब्त कर ली है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया है, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब के धंधे पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।








