Darbhanga News: प्रभास रंजन दरभंगा। दरभंगा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का वादा कर एक महिला से दो साल तक दुष्कर्म किया गया। पीड़ित महिला ने आरोपी के कहने पर अपने पति को भी छोड़ दिया था, लेकिन प्रेमी ने बाद में किसी और लड़की से शादी कर ली। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शादी का झांसा, दो साल तक शोषण
यह घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेला याकूब निवासी सोनू कुमार यादव उर्फ सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुनील यादव ने एक शादीशुदा महिला को प्रेम प्रसंग में फंसा लिया था। उसने महिला को शादी का झांसा दिया और बहादुरपुर पंचायत भवन स्थित एक कमरे में रखकर दो साल तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला के पति को भी इस संबंध की भनक लग गई थी।
पति को छोड़ा, फिर भी नहीं मिली शादी
आरोपी सोनू कुमार यादव के बहकावे में आकर महिला ने अपने पति को छोड़ दिया और प्रेमी के साथ रहने लगी। वह लगातार शादी करने का झांसा देता रहा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इसी बीच, आरोपी सोनू कुमार यादव ने चुपचाप दूसरी लड़की से शादी कर ली। जब इस बात की जानकारी पीड़ित महिला को मिली, तो उसे गहरा सदमा लगा। खुद को ठगा हुआ महसूस कर उसने आरोपी युवक के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना अध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया, ‘पीड़ित महिला की शादी दस वर्ष पूर्व हो चुकी थी। आरोपी युवक ने महिला को प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने का झांसा दिया और फिर मुकर गया। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।’
पुलिस ने प्रेमी को दबोचा, भेजा जेल
महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला थाने की पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद आरोपी सोनू कुमार यादव उर्फ सुनील कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







