Darbhanga Road Accident: बिहार के दरभंगा जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने 22 वर्षीय युवक की जान ले ली। जाले प्रखंड अंतर्गत कदम चौक-कछुआ मार्ग पर हुए इस भीषण हादसे में मलिकपुर गांव निवासी आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और हर कोई स्तब्ध है।
जानकारी के अनुसार, मलिकपुर गांव के वार्ड चार निवासी इजहार के बेटे आसिफ (22 वर्ष) मंगलवार की शाम करीब सात बजे अपनी बाइक से ब्रह्मपुर कदम चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कदम चौक-कछुआ मार्ग पर एक अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
अज्ञात बाइक की टक्कर से बिगड़ा संतुलन
अज्ञात बाइक की ठोकर इतनी तेज थी कि आसिफ अपनी बाइक का संतुलन खो बैठे। वह सड़क किनारे बनी एक दीवार से जा टकराए। टक्कर से दीवार भरभराकर आसिफ के ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
डीएमसीएच ले जाने के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने गंभीर रूप से घायल आसिफ को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (डीएमसीएच) ले जाने की कोशिश की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में आसिफ ने दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना से परिजनों और पड़ोसियों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि अज्ञात बाइक चालक का पता लगाया जा सके।







