Darbhanga University Result: बिहार के दरभंगा से छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय ने शिक्षाशास्त्री (सत्र 2024-26) का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस परिणाम के साथ ही द्वितीय वर्ष में रुपराज कुमार ने टॉप कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। समय पर आए इन नतीजों से सफल छात्रों को सरकार की आगामी टीआर-4 शिक्षक भर्ती में आवेदन करने का सुनहरा मौका मिल गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने मंगलवार को अपने सचिवालय कक्ष से पोर्टल के माध्यम से शिक्षाशास्त्री सत्र 2024-26 के परिणाम जारी करने की घोषणा की। इस सत्र के प्रथम वर्ष में कुल 75 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जबकि द्वितीय वर्ष में 95 छात्रों ने सफलता का परचम लहराया है। पीआरओ डॉ. निशिकांत ने बताया कि द्वितीय वर्ष में रुपराज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, आकांक्षा कुमारी द्वितीय और चेतना आनंद तृतीय स्थान पर रहीं।






टीआर-4 शिक्षक भर्ती में मिलेगा मौका
परिणाम की घोषणा के बाद विभागीय प्राध्यापकों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा समय पर परिणाम जारी करने से छात्रों को बड़ा लाभ होगा। सरकार द्वारा शिक्षकों की नियुक्ति के लिए जारी होने वाले आगामी विज्ञापनों में विभाग के सफल छात्र आवेदन कर सकेंगे। विशेष रूप से, टीआर-4 (शिक्षक भर्ती चरण-4) में ये सफल छात्र आवेदन के पात्र होंगे, जिससे उनके करियर को एक नई दिशा मिलेगी।
कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘विद्यार्थी समर्पण भाव से आगे की पढ़ाई जारी रखें और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।’
कुलसचिव डॉ. दिनेश झा ने भी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. निहार रंजन सिन्हा, डीएसडब्ल्यू प्रो. पुरेन्द्र वारिक, शिक्षाशास्त्र निदेशक डॉ. घनश्याम मिश्र, वित्त पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार झा, ओएसडी (शैक्षणिक) डॉ. रामसेवक झा, डॉ. संतोष कुमार तिवारी, डॉ. सुनील कुमार सिंह, संजय कुमार मिश्र, गोपाल उपाध्याय, संतोष तिवारी सहित विश्वविद्यालय के कई अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।
शास्त्री व आचार्य की परीक्षाएं आज से होंगी शुरू
एक ओर जहां शिक्षाशास्त्री का परिणाम आया है, वहीं दूसरी ओर शास्त्री व आचार्य के विभिन्न सत्रों की परीक्षाएं भी आज, 29 जुलाई से शुरू होने जा रही हैं। ये परीक्षाएं 13 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएंगी और 03 अगस्त तक चलेंगी। मुख्यालय में भी एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।








