बेनीपट्टी के अविनाश कुमार झा की निर्मम हत्या के विरोध में सोमवार की शाम विभिन्न दलों के नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बेनीपट्टी बाजार के मुख्य सड़क पर कैंडल मार्च निकाल कर हत्यारे को फांसी देने एवं हत्याकांड की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ जम कर नारेबाजी की।

वहीं, आज परिजनों ने मंगलवार को एक बार फिर से सड़क जाम किया। परिजनों ने लोहिया चौक और इंदिरा चौक को जाम कर दिया। थाने के सामने सड़क पर बैठकर परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम सड़क प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाने में जुटी रही।
वहीं, बेनीपट्टी के दो नर्सिंग होम पर ताला लगने वाला है। सिविल सर्जन डॉ. एसके झा ने दोनों नर्सिंग होम के संचालकों को पत्र भेजकर एक सप्ताह के भीतर नर्सिंग होम को बंद करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है कि क्यों ना बिना निबंधन के नर्सिंग होम चलाने के आरोप में उनके विरूद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से लोगों में खुशी है।
जानकारी के अनुसार, परिजनों का आरोप है कि अविनाश बेनीपटट्टी के कई फर्जी नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई के लिए कागजी प्रक्रिया कर रहे थे, इसलिए उनकी हत्या की गई है।
पुलिस ने इस मामले में नर्स समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बेनीपट्टी एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा भी किया है।
उन्होंने बताया कि अविनाश झा हत्याकांड में अरेर थाना क्षेत्र के अतरौली की पूर्णकला देवी, बेनीपट्टी के रोशन कुमार साह, बिट्टू कुमार पंडित, दीपक कुमार पंडित, पवन कुमार पंडित व मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सभी से सघन पूछताछ की जा रही है। हत्या मामले में पुलिस प्रेम प्रसंग और नर्सिंग होम संचालकों की संलिप्तता दोनों बिन्दुओं पर जांच कर रही है।
सिविल सर्जन ने बेनीपट्टी के कटैया रोड स्थित अनुराग हेल्थ केयर एवं अनन्या नर्सिंग होम के संचालकों को पत्र जारी कर दोनों पर 50-50 हजार का जुर्माना ठोका है। पत्र में बताया गया है कि जांच के दौरान दोनों नर्सिंग होम मानक के विरूद्ध संचालित पाए गए।







