Bihar MLC Murder Case: बिहार के गोपालगंज में एक होटल कर्मचारी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शहर के राजीव रिजेंसी होटल में रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश कुमार की चाकू मारकर हत्या के तीसरे दिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में मृतक अनीश की मां कमलेशा देवी ने होटल मालिक और भाजपा एमएलसी राजीव कुमार उर्फ गप्पू सिंह को भी आरोपित बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि वेतन विवाद के दौरान एमएलसी ने उनके बेटे को थप्पड़ मारा था और जान से मारने की धमकी भी दी थी। हालांकि, एमएलसी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
कमलेशा देवी ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि उनका बेटा अनीश कुमार पिछले तीन-चार महीने से राजीव रिजेंसी होटल में रेस्टोरेंट कैप्टन के तौर पर काम कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन को लेकर हुए विवाद के दौरान होटल मालिक राजीव कुमार ने अनीश को थप्पड़ जड़ा और ‘मरवाकर फेंक देने’ की धमकी दी थी। मां के मुताबिक, अनीश से कहा गया था कि उसे उतने ही वेतन में काम करना होगा, जितना दिया जा रहा है। इस कथित धमकी के लगभग एक महीने बाद ही उसी होटल में अनीश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
चाकू से हमला और मौत की खबर
कमलेशा देवी के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि अनीश को चाकू मार दिया गया है। खबर मिलते ही वह तुरंत होटल पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि गौतम कुमार, राहुल कुमार और सुजय कुमार ने अनीश के सीने के ऊपरी हिस्से और बायीं पसली में चाकू से कई वार किए थे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद अनीश को कुचायकोट स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां ने पुलिस से सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा एमएलसी ने आरोपों को बताया निराधार
अपने ऊपर लगे आरोपों पर भाजपा एमएलसी राजीव कुमार उर्फ गप्पू सिंह ने सफाई दी है। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। एमएलसी का दावा है कि कमलेशा देवी ने उनके विरोधियों के बहकावे में आकर यह आवेदन दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि सच्चाई सामने आने के बाद कमलेशा देवी खुद इस दर्ज मामले को वापस लेना चाहती हैं।
तीन आरोपित गिरफ्तार, भेजे गए जेल
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों गौतम कुमार, राहुल कुमार और सुजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उनसे गहन पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मृतक की मां के आरोपों और एमएलसी के पक्ष दोनों को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच कर रही है। नगर थाना पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।







