मुख्य बातें
त्यौथ के 13 में से 8 वार्ड में मिल रहा नल का शुद्धजल, पांच वार्डों में बिजली के कारण ठप है योजना
पूर्व में मनरेगा से किये गए कार्य में अबतक पेमेंट नही करने और पीओ द्वारा रिस्पोंस नही लेने की शिकायत
एसडीएम की अध्यक्षता में त्यौथ में “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन
फोटो : बेनीपट्टी के त्यौथ पंचायत में कैंप में मौजूद बीडीओ व अन्य
फोटो :- बेनीपट्टी के त्यौथ में योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेनीपट्टी के त्यौथ पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी अशोक कुमार मंडल की अध्यक्षता में “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा कैंप लगाकर कर जनशिकायतों की सुनवाई की गयी और कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन भी किया गया।
कैंप में नल जल, नली गली, पीएम आवास योजना, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा, विधालय, राशन, जन वितरण, मनरेगा एवं अतिक्रमण संबंधी दर्जनों परिवादों की सुनवाई की गयी। साथ ही जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई की गयी। इसके अलावा अन्य विभागों से जुड़े दर्जनों मामलों की सुनवाई भी गयी।
अधिकारियों ने वार्ड 9, 2, 1, 3, 6 में सात निश्चय के तहत नलजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही उपभोक्ताओं से भी जलापूर्ति के संबंध में जानकारी हासिल की और 30 रुपए मासिक उपभोक्ता शुल्क के संबंध में भी पूछा। वहीं वार्ड 9 में आंगनबाड़ी केंद्र की जांच की। जहां अधिकारियों ने टीएचआर, उपस्थिति, भंडार सहित अन्य पंजियों का भी अवलोकन किया। जबकि वार्ड 1 में मनरेगा के तहत 7 लाख 23 हजार रुपए की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क का निरीक्षण किया।
साथ ही वार्ड 3 में पंद्रहवीं वित्त आयोग से 2 लाख 68 हजार रुपए की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क का भी जायजा लिया। इसके अलावा वार्ड 6 में जन वितरण दुकान की जांच की। वहीं वार्ड 2 में जब अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे तो पूर्व पंचायत समिति की ओर से पूर्व में मनरेगा से किये गए कार्य में अबतक भुगतान नहीं होने और बारबार कार्यक्रम पदाधिकारी से मिलकर आग्रह के बावजूद कोई रिस्पोंस नहीं लेने की शिकायत की गयी।
जहां अधिकारियों ने अग्रेतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा आवास सहित अन्य योजनाओं की भी जांच की गयी। बता दें कि 13 वार्ड में से 8 में नल का जल मुहैया कराया जा रहा है। जबकि पांच वार्ड में बिजली सहित अन्य कारणों से नलजल योजना ठप पड़ा हुआ है।
इस अवसर पर संबंधित सभी विभागों के पदाधिकारियों ने बताया कि सुनवाई, कार्रवाई और निष्पादन से संबंधित रिपोर्ट डीएम को भेजी जायेगी। मौके पर बीडीओ रवि रंजन, बीएओ सुदर्शन सिंह, राजस्व अधिकारी पूजा कुमारी, मनरेगा पीओ जितेंद्र कुमार, मुखिया झा जूली रानी, पंचायत सचिव आनंद मोहन चौधरी, जेई प्रीति कुमारी, पैक्स अध्यक्ष विवेक राय, मनरेगा जेई आमिर हमजा, किसान सलाहकार प्रदीप दास सहित अन्य मौजूद थे।

















