झंझारपुर / मधुबनी देशज शनिवार की रात झंझारपुर नगर परिषद के कन्हौली वार्ड नम्बर 2 मोहल्ले में चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाते हुए घरों का ताला तोड़ डाला। चोरों ने जिन चार घरों को निशाना बनाया उनमें तीन ऐसे घर थे जिनके गृहस्वामी गांव से बाहर रहते हैं।
चौथे घर में एकमात्र वृद्ध महिला थी, जिसके घर में भी चोर लोहे के ग्रिल लगी गेट को तोड़ कर चोरी की। इस घटना से वार्ड 2 में रहने वाले लोगों में दहशत है। उक्त वार्ड में कई घर ऐसे हैं जहां गृह स्वामी घर बंद कर बाहर आते जाते रहते हैं। मिली जानकारी के मुताबिक काली मंदिर के पुजारी रहे स्व.उदितनारायण झा के दामाद ने थाना को लिखित आवेदन दिया है। जिसमें करीब तीन लाख की चोरी की घटना बताया गया है।
आवेदन में कहा है कि स्व.उदितनारायण झा की पत्नी मसोमात त्रिपुरा देवी घर में अकेली थी। उनके घर के ग्रील का ताला तोड़कर कई रूम का ताला तोड़ चोर ने सोना का चेन, नथिया, टीका, टॉप्स, अंगूठी, पांच चांदी का सिक्का एवं चालीस से पचास हजार के बीच रूपया की चोरी की। वृद्ध महिला घर में सोई रही और चोर इत्मीनान से चोरी कर चंपत हो गए।
सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुँची झंझारपुर पुलिस ने चोरी के बावत जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने बताया कि चोर वार्ड 2 में ही जितेन्द्र झा, हरिश्चन्द्र झा एवं सुकदेव झा के घर का भी ताला तोड़ा। इन घरों से कितनी की चोरी हुई इसका आकलन नहीं मिल सका। गृहस्वामी के आने के बाद ही जानकारी मिलेगी। सभी घरों का सामान अस्त व्यस्त देखा गया।
मुहल्ले वासियों का कहना है कि चोरी में कहीं न कहीं लोकल कनेक्शन है। इन लोगों का यह भी कहना है कि नगर पंचायत का स्ट्रीट लाइट सभी जगह काम नहीं करता है। थानाध्यक्ष राशिद परवेज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

















