मुख्य बातें
रैयमा गांव की कुसमा देवी हत्याकांड का पुलिस ने 36 घंटे के अंदर किया उद्भेदन
भैरवस्थान पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर भेजा जेल
हत्यारे के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
फोटो: प्रेस वार्ता में कांड का उद्भेदन करते झंझारपुर एसडीपीओ आशीष आनंद व अन्य
झंझारपुर, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। भैरवस्थान पुलिस ने रैयमा गांव निवासी कुसमा देवी हत्याकांड का 36 घंटे में उद्भेदन करते हुए हत्यारे को गिरफ्तार कर जेल भेजने में कामयाबी हासिल की है। हत्यारा मृतका का चचेरा देवर 23 वर्षीय रंजीत सदाय निकला।






उसने पुलिस की ओर से गहन पूछताछ करने पर हत्या की बात स्वीकारते हुए बताया कि उसने अपने रिश्ते की भाभी कुसुमा को गांव के ओझा गाछी में बुलाकर पहले शारीरिक संबंध बनाया फिर अपनी प्रेमिका भाभी को इस शंका में की उसकी प्रेमिका का अपने बहनोई से अवैध संबंध है। उसने प्रेमिका भाभी कुसुमा के गर्दन पर चाकू से तीन चार बार गोदकर हत्या कर दी।
हत्यारे रंजीत सदाय की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू को पुलिस ने बरामद कर लिया है।भैरवस्थान थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर एसडीपीओ आशीष आनंद ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि इस कांड के उदभेदन में भैरवस्थान पुलिस के स्पीडी ट्रायल काफी सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त रंजीत सदाय का अपनी चचेरी भाभी कुसमा देवी के साथ 2 वर्षों से अवैध प्रेम प्रसंग था। मृतका के पति के विक्षिप्त होने का फायदा उठाकर रंजीत सदाय कुसमा देवी के साथ शारिरिक संबंध बनाने के साथ परिवार का भरण पोषण और बच्चों का खर्चा भी उठाता था।
मृतका कुसमा देवी किसी काम से अपने बहन के गांव खैरा चली गई थी। जो रंजीत को गंवारा नहीं गया। 27 जुलाई को वह बहन के घर से वापस गांव लौटी। 28 जुलाई की संध्या में ओझा गाछी में मृतका को रंजीत ने बुलाया। कुसमा के साथ उसने पहले शारीरिक संबंध बनाया और फिर गाछी में ही अपने पास रखे धारदार चाकू से गर्दन पर तीन चार बार गोद कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद अभियुक्त बाहर भागने के फिराक में था। तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। एसएचओ रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि 29 जुलाई को रैयाम के ओझा गाछी में कुसमा देवी नामक महिला का शव बरामद किया गया था। मृतका के पिता के फर्द बयान के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में गणेश सदाय के पुत्र रंजीत सदाय को नामजद किया गया था।
गहन अनुसंधान में रंजीत सदाय ने हत्या की बात को स्वीकारते हुए कहा कि वह अपनी चचेरी भाभी कुसुमा से बेपनाह मोहब्बत करता था।उसे उसका किसी से बोलना, कहीं जाना पसंद नहीं था। वह उसे हर हमेशा अपने पास देखना चाहता था और अपने पास ही रखना चाहता था। मृतका के मोबाइल नंबर एवं अभियुक्त के बरामद मोबाइल से इस बात की खुलासा हुई है कि पिछले वर्षों से उन दोनों में काफी लंबी चौड़ी बातें हुआ करती थी।








