Bhagalpur Current Shock: बिहार के भागलपुर जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के सरदारपुर गांव में मंगलवार की अहले सुबह स्कूटी की बैटरी चार्ज करते समय एक व्यक्ति को बिजली का जोरदार झटका लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो छोटे बच्चों ने अपने पिता को खो दिया है, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान सरदारपुर निवासी हीरामन राय के पुत्र विष्णुदेव राय (35 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब तीन बजे विष्णुदेव राय अपने घर में स्कूटी की बैटरी चार्ज करने के लिए बिजली बोर्ड में प्लग लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक बोर्ड में तेज करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से विष्णुदेव गंभीर रूप से झुलस गए।






विष्णुदेव को बचाने पहुंचे परिजनों को भी लगा झटका
इस हादसे में विष्णुदेव को बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी बिजली का झटका लगा। किसी तरह बिजली की आपूर्ति बंद की गई और विष्णुदेव को तुरंत इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया।
मासूम बच्चे पिता की मौत से अनजान
घटना की सूचना मिलने पर विष्णुदेव की पत्नी और उनके दोनों मासूम बच्चे भी मायागंज अस्पताल पहुंचे। पति का शव देखते ही पत्नी बिलख-बिलख कर रोने लगी। वहीं, छोटे बच्चे अभी इस बात से अनजान नजर आए कि उनके पिता अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे सरदारपुर गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है। यह हादसा बिजली उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की अहमियत को फिर से रेखांकित करता है।








