Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ के कहर के बीच एक और गंभीर चिंता सामने आई है। शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे नेपाल-चीन सीमा के पास बनी एक विशाल बैरियर झील के टूटने की सूचना मिली, जिसके बाद भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया है। इस घटना से निचले इलाकों में संभावित बाढ़ का खतरा गहरा गया है और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है।
चीनी पक्ष की ओर से नेपाल प्रशासन को जानकारी दी गई कि नेपाल-चीन सीमा पर चीन की तरफ छोचेन नदी और पुरेपू त्सांगपो नदी के संगम के पास स्थित बैरियर झील टूट गई है। इस सूचना के तुरंत बाद, नेपाल के नदी तटीय और सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

भोटेकोशी नदी में बढ़ा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
झील टूटने के बाद भोटेकोशी नदी में पानी का स्तर बढ़ गया है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन के अनुसार, वर्तमान स्थिति बुधवार को उत्पन्न हुए हालात जितनी गंभीर नहीं है। इसके बावजूद, निचले इलाकों में पानी के बहाव और संभावित जोखिम को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है। लगातार निगरानी जारी है।
रसुवा के जिलाधिकारी नरेंद्र परियार ने इस घटना पर बयान देते हुए कहा, ‘बैरियर झील टूटने के बाद जलस्तर में वृद्धि हुई है। हम लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और निचले इलाकों में संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा एवं निगरानी बढ़ाई गई है।’
पहले की बाढ़ से राहत-बचाव कार्य जारी
गौरतलब है कि नेपाल में हाल ही में आई बाढ़ से कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित इलाकों में अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी हैं। ऐसे में इस नई घटना ने अधिकारियों की चुनौती बढ़ा दी है। प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रहा है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। सभी संबंधित विभाग स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।







