16 अगस्त से घर-घर पहुंचेगा राजस्व महाअभियान – जमीन के कागज सुधारने का सुनहरा मौका। जमीन के कागज में गलती है? अब पंचायत में लगेगा कैंप, मौके पर होगा सुधार। 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा राजस्व महाअभियान – जानिए कब आएगा आपके गांव में। जमाबंदी, नामांतरण, बंटवारा – अब एक ही जगह होगा सब समाधान!@कुशेश्वरस्थान पूर्वी, दरभंगा देशज टाइम्स।
कुशेश्वरस्थान पूर्वी में ‘राजस्व महा-अभियान’ की तैयारी शुरू — 16 अगस्त से घर-घर पहुंचेगी टीम — रूपरेखा तय
कुशेश्वरस्थान पूर्वी, दरभंगा। प्रखंड मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में गुरुवार को सीओ गोपाल पासवान की अध्यक्षता में राजस्व महा-अभियान को लेकर प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।






सीओ श्री पासवान ने बताया कि 16 अगस्त 2025 से 20 सितंबर 2025 तक बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जमीन के रिकॉर्ड में अशुद्धियों को दूर करने के लिए विशेष राजस्व महा-अभियान चलाया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य
इस महा-अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि घर-घर पहुंचकर लोगों के भूमि संबंधी दस्तावेजों में मौजूद त्रुटियों का सुधार होगा। डिजिटाइज्ड जमाबंदी रिकॉर्ड में नाम, खाता, खेसरा, रकबा और लगान की अशुद्धियों को ठीक करना है। उत्तराधिकार नामांतरण — मृतक रैयत के उत्तराधिकारियों के नाम वंशावली के आधार पर दर्ज करना है। बंटवारा नामांतरण — संयुक्त जमाबंदी को आपसी सहमति, रजिस्ट्री या कोर्ट आदेश के आधार पर अलग-अलग हिस्सेदारों के नाम करना। छूटी हुई जमाबंदी को डिजिटाइज्ड ऑनलाइन करना है।
घर-घर वितरण और आवेदन प्रक्रिया
16 अगस्त 2025 से 15 सितंबर 2025 तक विभाग द्वारा गठित दल घर-घर जाकर जमाबंदी पंजी की प्रति, आवेदन प्रपत्र वितरित करेगी। प्रत्येक मौजा के लिए दल के आने की तिथि आपकी अंचल के माइक्रो प्लान से मिलेगी। आवेदन प्रपत्र बिहार भूमि पोर्टल पर राजस्व महा-अभियान लिंक से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं।
विशेष शिविर का आयोजन
19 अगस्त 2025 से 20 सितंबर 2025 तक प्रत्येक पंचायत सरकार भवन या अन्य सरकारी भवनों में हल्का बार विशेष शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक हल्का में कम से कम 7 दिनों के अंतराल पर दो तिथियों में शिविर होंगे। इन शिविरों में नागरिक अपने भरे हुए आवेदन प्रपत्र, जरूरी कागजात के साथ आवेदन जमा कर सकेंगे।
ऑनलाइन प्रोसेस और पोर्टल
परिमार्जन के आवेदन परिमार्जन प्लस पोर्टल पर प्रोसेस होंगे। नामांतरण/बंटवारा के आवेदन ई-म्यूटेशन पोर्टल पर प्रोसेस किए जाएंगे। राजस्व कर्मी छूटी हुई जमाबंदी को ऑनलाइन करने के लिए नागरिकों की मदद करेंगे।
अभियान के लाभ
नागरिकों को अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जमीन से जुड़ी कानूनी और प्रशासनिक समस्याओं का निवारण तेजी से होगा। डिजिटाइज्ड रिकॉर्ड से पारदर्शिता और सटीकता बढ़ेगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि और अधिकारी
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख अंजनी भारती, बीडीओ अशोक कुमार जिज्ञासु, मुखिया राजेश पासवान, छेदी राय, सरपंच मिथिलेश राय, बबन दास, बीईओ प्रिंस कुमार झा, पीओ नवीन कुमार निश्चल, राम भजन यादव, कैलाश शाह, परमानंद शाह सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।








