Vietnam Boat Accident: वियतनाम में भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के फु-क्वोक द्वीप के पास पलटने से बड़ा हादसा हो गया है। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि नाव पर सवार कुल 32 भारतीय पर्यटकों और 4 चालक दल के सदस्यों में से 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
सुबह करीब 10:30 बजे हुए इस हादसे के बाद तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाए गए 21 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। वियतनामी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी 15 शवों को पानी से बाहर निकाल लिया गया है। बताया जा रहा है कि जान गंवाने वाले ज्यादातर भारतीय पर्यटक आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के रहने वाले थे।





इस दुखद घटना पर हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि फु-क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। दूतावास ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय अधिकारियों द्वारा बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
भारतीय दूतावास ने कहा, “एक दुखद घटना में कुछ घंटे पहले वियतनाम के फु-क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी और मदद के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के कॉन्सुलेट जनरल और हनोई स्थित दूतावास में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।”
भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों और अन्य पर्यटकों की मदद के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। हो ची मिन्ह सिटी में भारत के कॉन्सुलेट जनरल और हनोई स्थित दूतावास में ये कंट्रोल रूम सक्रिय हैं। इन नंबरों पर संपर्क करके जानकारी प्राप्त की जा सकती है: +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414। हनोई स्थित दूसरे कंट्रोल रूम का नंबर +84 91 308 9165 है। दूतावास वियतनाम सरकार के साथ मिलकर सभी आवश्यक सहायता सुनिश्चित कर रहा है।







