Bihar Mahotsav: बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रांगण में गुरुवार को चार दिवसीय Bihar महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने दीप प्रज्वलित कर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रवासी बिहारियों से अपनी कर्मभूमि के साथ-साथ जन्मभूमि बिहार के विकास और समृद्धि में भी योगदान देने का भावुक आह्वान किया।

सीएम सम्राट चौधरी ने बताया बिहार का गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार ने सदियों से देश और दुनिया को ज्ञान, करुणा, दर्शन और अहिंसा का संदेश दिया है।
भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोविंद सिंह और महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तित्वों से इस पावन धरती का गौरव जुड़ा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार को विकास और समृद्धि के नए दौर में आगे ले जाने के लिए राज्य से बाहर रहने वाले सभी बिहारियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “अगले दो वर्षों में, 31 दिसंबर 2028 तक बिहार में माँ सीता का भव्य मंदिर स्थापित किया जाएगा।”
बिहार की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 27 वर्ष पहले जब वे बिहार विधानसभा के सदस्य बने थे, उस समय राज्य का बजट करीब छह हजार करोड़ रुपये था। झारखंड के अलग होने के बाद बिहार के संसाधन सीमित हो गए थे, इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार ने विकास की लंबी यात्रा तय की है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2024 में वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने 3.17 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जो बिहार की बदलती आर्थिक स्थिति और विकास की गति का स्पष्ट प्रमाण है।
सिंचाई क्षमता में वृद्धि और सुशासन के लिए AI का उपयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सिंचाई के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आया है। पहले करीब 21 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जो अब बढ़कर लगभग 44 लाख हेक्टेयर हो गई है। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 से पहले राज्य में 70 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर अपनी मेहनत और प्रतिभा से विकास में योगदान दे रहे हैं, और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी बड़ी संख्या में बिहारी काम कर रहे हैं। उन्होंने इन प्रवासी बिहारियों से अपनी कर्मभूमि में प्रगति करते रहने के साथ-साथ बिहार के विकास में भी योगदान देने की अपील दोहराई।
मुख्यमंत्री ने वर्तमान समय को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का युग बताया। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर, इंटरनेट और सोशल मीडिया की तरह एआई भी आने वाले समय में शासन और जनसेवा को प्रभावी बनाएगा। बिहार में भी एआई आधारित व्यवस्था के माध्यम से सुशासन को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बिहार सरकार के ‘सहयोग कार्यक्रम’ का उल्लेख करते हुए बताया कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जिसमें आवेदन के बाद निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 दिनों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई का आदेश स्वतः जारी हो जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को संतुष्ट रखना, उसकी सुविधा बढ़ाना और उसे न्याय दिलाना ही लोकतांत्रिक शासन का मूल उद्देश्य है। इसी सोच के साथ वे प्रत्येक महीने के दूसरे मंगलवार को लोगों की शिकायतों की समीक्षा करते हैं।
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने बिहार महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि इसमें देश की विविधता को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने बिहार के विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल और मधुबनी कला की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से राष्ट्रीय एकता का भाव जागेगा और देश के लोग आपस में जुड़कर रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आर्ट ऑफ लिविंग प्रांगण में लगे बिहार के व्यंजन, मधुबनी पेंटिंग सहित अन्य स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला और आश्रम स्थित गुरुकुल का भ्रमण कर गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर बिहारवासियों की सुख-समृद्धि की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने पाग और अंगवस्त्र भेंटकर श्री श्री रविशंकर का स्वागत किया, और श्री श्री रविशंकर ने भी अंगवस्त्र भेंटकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लिए यह खुशी का दिन है कि श्री श्री रविशंकर के आर्ट ऑफ लिविंग के प्रांगण में Bihar Mahotsav-2026 का आयोजन हो रहा है। उन्होंने श्री श्री रविशंकर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने बिहारवासियों को यहां स्थान दिया है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि श्री श्री रविशंकर पूरे बिहार की समृद्धि का रास्ता खोलना चाहते हैं और उनके माध्यम से लोगों को शांति की अनुभूति हो रही है।








You must be logged in to post a comment.