Bihar Flood Alert: गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण बिहार के आठ जिलों में उच्च सतर्कता जारी की गई है। जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार रात तक पटना के गांधी घाट और शुक्रवार दोपहर तक मोकामा के हाथिदह में गंगा नदी अपने अधिकतम जलस्तर को पार कर सकती है। इस स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन 8 जिलों में बाढ़ का खतरा
जलस्तर में वृद्धि से भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इन सभी जिलों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और लोगों को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग की चेतावनी
आपदा प्रबंधन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे नदियों, घाटों, तटबंधों और निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से न जाएं। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग व्यक्तियों को नदियों और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी गई है। विभाग ने लोगों से स्थानीय प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों की जानकारी रखने और आवश्यकता पड़ने पर वहां जाने के लिए तैयार रहने को कहा है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से बाढ़ की स्थिति के बारे में अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल जिला प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है।
सुरक्षा के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज, दवाएं, मोबाइल फोन, टॉर्च, पीने का पानी और अन्य आवश्यक वस्तुएं सुरक्षित पैक करके रखें।
- नदी में नहाने या तैरने से बचें।
- अनावश्यक नाव यात्रा न करें।
- पानी के पास सेल्फी लेने से बचें।
- जलस्तर बढ़ने या बाढ़ आने की स्थिति में स्थानीय अधिकारियों और बचाव दल के निर्देशों का तुरंत पालन करें।
किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है।







