Madhubani Police: बिहार के मधुबनी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। मधुबनी पुलिस ने सीमावर्ती लौकहा थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाते हुए 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 23.2 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई के दौरान दो नेपाली तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो भारतीय क्षेत्र में गांजे की बिक्री करने की फिराक में थे।
मधुबनी पुलिस का विशेष अभियान: ऐसे मिली गुप्त सूचना
मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, 02.09.2026 की सुबह करीब 09:00 बजे लौकहा थाना पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली। सूचना के अनुसार, नेपाल की ओर से बलान नदी के पश्चिमी तटबंध बांध के रास्ते काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति संदिग्ध वस्तु लेकर एकांम की ओर जाने वाले थे।

बलान नदी तटबंध पर घेराबंदी, ऐसे पकड़े गए तस्कर
मिली सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए, लौकहा थाना की पुलिस टीम ग्राम माधोपुर के सामने बलान नदी के पश्चिमी तटबंध बांध पर पहुंची। कुछ ही देर में उत्तर दिशा से एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे और बैग में सामान लिए आते दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही तस्करों ने बाइक घुमाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन बांध की जर्जर और संकरी स्थिति के कारण वे ऐसा करने में असफल रहे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल से गांजा लाकर भारतीय क्षेत्र में बिक्री करते हैं।
पकड़े गए तस्करों की पहचान मो० रुस्तम पुत्र मो० अजीज, निवासी महोली, जिला सप्तरी (नेपाल) और मो० मुसतुफ पुत्र मो० हुसैन, निवासी लहान, जिला सिराहा (नेपाल) के रूप में हुई। उनकी विधिवत तलाशी लेने पर प्लास्टिक के बोरे और बैग से कुल 23 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 11 लाख 60 हजार रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त एक काले रंग की पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
नेपाली तस्करों पर एनडीपीएस एक्ट, न्यायिक हिरासत में भेजा
इस मामले में लौकहा थाना द्वारा एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मधुबनी पुलिस की इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थ तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार हुआ है।







