Bihar Flood Alert: नेपाल के जल एवं मौसम विज्ञान विभाग ने भारी से अति भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसके बाद बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के प्रभाव से नेपाल के कई हिस्सों में 24 से 28 सितंबर के बीच मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इस चेतावनी के मद्देनजर नेपाल के कोसी प्रांत में संभावित बाढ़ और अन्य आपदाओं को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर अपनी तैयारी तेज कर दी है।
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच कोसी बराज पर गुरुवार, 24 सितंबर की शाम छह बजे पानी का डिस्चार्ज 1,85,130 क्यूसेक दर्ज किया गया। बराज से डाउनस्ट्रीम में 1,81,330 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जो कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर को दर्शाता है। वहीं, ईस्ट कोसी मेन कैनाल (ईकेएमसी) में डिस्चार्ज शून्य रहा, जबकि वेस्ट कोसी मेन कैनाल (डब्ल्यूकेएमसी) में 3,800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसी शाम बराह क्षेत्र में भी 1,06,250 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज हुआ।
कोसी नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी
नेपाल में लगातार हो रही बारिश और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए कोसी नदी के जलस्तर और बराज से होने वाले डिस्चार्ज पर विशेष निगरानी बढ़ाई गई है। यह कदम बिहार के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कोसी नदी का बढ़ता जलस्तर सीधे तौर पर सुपौल समेत बिहार के कोसी क्षेत्र को प्रभावित करता है।
नेपाल में 14 जिलों को चेतावनी जारी
नेपाल के कोसी प्रांत में सभी 14 जिलों के प्रशासन को संभावित बाढ़, भूस्खलन और अन्य आपदाओं के मद्देनजर सतर्क रहने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चेतावनी प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं। नेपाल के जल एवं मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर भी बारिश से संबंधित चेतावनी स्टेशन सक्रिय होने की जानकारी दी गई है।
नेपाल में भारी बारिश के अलर्ट और कोसी बराज से बढ़े डिस्चार्ज के कारण सुपौल समेत कोसी क्षेत्र में नदी के जलस्तर पर लोगों की नजर बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इस स्थिति में, बिहार के सीमावर्ती जिलों, खासकर सुपौल और आसपास के कोसी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों तक नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखना और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति के लिए तैयार रहना बेहद जरूरी है।







