Bihar Kidnapping: बिहार के सारण जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मशरक थाना क्षेत्र से स्कूल जा रही 14 वर्षीय छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। हालांकि, पड़ोसी की सतर्कता और पुलिस की फुर्ती से छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना गुरुवार को तब घटी जब 14 वर्षीय छात्रा स्कूल जा रही थी। तभी एक चार पहिया वाहन में सवार कुछ लोगों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया और अगवा कर फरार हो गए। इस दौरान छात्रा ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन अपहरणकर्ता उसे कार में खींचने में कामयाब रहे।
अपहरण की यह पूरी वारदात एक पड़ोसी युवक ने देखी। उसने फौरन अपनी साइकिल उठाई और अपहरणकर्ताओं की गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने छात्रा के परिजनों को भी घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग भी सक्रिय हो गए।
बक्से में बंद मिली छात्रा, पुलिस ने दिखाई फुर्ती
पड़ोसी युवक से मिली जानकारी और परिजनों की शिकायत पर पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अपहरणकर्ताओं का पीछा किया। कुछ देर बाद पुलिस ने उस चार पहिया वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिसकर्मियों को होश उड़ गए, क्योंकि छात्रा को गाड़ी के अंदर एक बक्से में बंद कर रखा गया था।
पुलिस ने तत्काल छात्रा को बक्से से बाहर निकाला और उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि इस अपहरण के पीछे के मकसद और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, लेकिन पड़ोसी की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य दोषियों को भी पकड़ने का दावा कर रही है।







