Araria Drug Bust: बिहार के अररिया जिले में जोकीहाट थाना पुलिस ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना पर टीम ने भट्ठा चौक पर एक बस में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से भारी मात्रा में स्मैक, चार मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद हुई है। इस सफलता की जानकारी बुधवार शाम एसपी जितेंद्र कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
किशनगंज ले जाई जा रही थी स्मैक की खेप
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जोकीहाट थाना पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, अररिया जीरो माइल से एक बस में तीन युवक स्मैक की बड़ी खेप लेकर जोकीहाट के रास्ते किशनगंज जा रहे थे। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने एक टीम का गठन किया। टीम ने भट्ठा चौक के पास बस को रोका और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान, तीनों युवकों के पास से कुल 110 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके बाद, एनडीपीएस एक्ट के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
पुलिस ने जिन तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान सामने आई है।
- मो. साबिर आलम (पिता: मो बारीक), निवासी: नगर थाना क्षेत्र, बांसवाड़ी रहमतगंज, वार्ड संख्या 5।
- मो. दिलदार (पिता: मारूफ हुसैन), निवासी: सिमराहा थाना क्षेत्र, पुरन्दाहा, वार्ड संख्या 7।
- मो. मरगूब आलम (पिता: मो. मुर्शिद), निवासी: बैरागाछी थाना क्षेत्र, बुद्धेश्वरी रामपुर, वार्ड संख्या 6।
तीनों आरोपियों के पास से 110 ग्राम स्मैक के अलावा 4 मोबाइल फोन और 5,910 रुपये नगद भी जब्त किए गए। पुलिस ने जोकीहाट थाना में कांड संख्या 401/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी) और 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापामारी दल में कौन-कौन शामिल थे?
इस सफल छापामारी दल में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा के नेतृत्व में एसआई पंकज कुमार, एसआई सोनाली कुमारी, एसआई रजनीकांत कुमार, सिपाही राजेंद्र प्रसाद, सिपाही सोनू कुमार और सिपाही राजेश कुमार जैसे पुलिसकर्मी शामिल थे। इस कार्रवाई से जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में बड़ी मदद मिलेगी।







