Manigachhi Police: दरभंगा के मनीगाछी में नेहरा थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक राजमिस्त्री के चेहरे पर खुशी लौटा दी है। पिछले 25 सितंबर को चोरी हुई पांच लाख रुपये की राशि बुधवार को कोर्ट के आदेश पर पीड़ित सुबोध दास को वापस मिल गई। नेहरा थानाध्यक्ष मोती कुमार ने स्वयं यह राशि उन्हें सौंपी, जिससे पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली।
यह घटना बहेड़ा थाना क्षेत्र की अमैठी पंचायत के नमती गांव निवासी राजमिस्त्री सुबोध दास के साथ हुई थी। वे एसबीआई शाखा सकरी चीनी मील से पांच लाख रुपये निकालकर अपने घर जा रहे थे। नेहरा लुल्हवा चौक पर सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी करके पेशाब करने के लिए रुके थे। इसी दौरान, बैंक से ही पीछा कर रहे चोरों ने मौका पाकर बाइक की डिक्की से रुपये निकाल लिए और फरार हो गए थे।
चोरी की इस वारदात के बाद नेहरा थाना की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष मोती कुमार के नेतृत्व में टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। इसके साथ ही मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर महज चार दिनों के भीतर ही घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराव गंज निवासी प्रभु यादव के पुत्र ऋतिक कुमार के घर से चोरी की गई पूरी राशि बरामद कर ली थी।
नेहरा थानाध्यक्ष मोती कुमार ने बताया, ‘वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमने चोरी का उद्भेदन किया। कोर्ट के आदेश के बाद बुधवार को राजमिस्त्री सुबोध दास को उनकी पूरी राशि वापस लौटा दी गई है। हमारी टीम ने उन्हें पुलिस सुरक्षा में उनके घर तक पहुंचाया है।’
बुधवार को नेहरा थाना परिसर में जब सुबोध दास को उनकी मेहनत की कमाई वापस मिली, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। राशि उपलब्ध कराने के बाद थानाध्यक्ष मोती कुमार ने खुद राजमिस्त्री सुबोध दास को नेहरा थाना की पुलिस सुरक्षा में उनके घर तक पहुंचाया। चोरी हुई राशि पाकर खुश सुबोध दास और उनके परिजनों ने नेहरा थाना की पुलिस के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।







