Siwan Explosion: बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार शाम एक भीषण पटाखा विस्फोट ने पूरे गांव को दहला दिया। जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे में पटाखा बनाने के दौरान एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित कुल सात लोगों के मारे जाने की आशंका है। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई शव क्षत-विक्षत होकर बाहर जा गिरे, जबकि अन्य के मलबे में दबे होने की खबर है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतकों में पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, उनकी तीन पोतियां, एक पोता और दो मजदूर शामिल हैं। हालांकि, सीवान के डीएम विजय प्रकाश मीणा ने अभी तक दो-तीन शवों के ही बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बचाव दल घर में दाखिल हो रहा है और पूरी छानबीन के बाद ही मृतकों की सही संख्या का पता चल पाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब साढ़े 5 बजे हुए इस विस्फोट के बाद पूरे आलमपुर गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाकों की आवाज से दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बाद में पता चला कि यह भयावह विस्फोट पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन के घर में हुआ था।
भीषण धमाके से उड़े शवों के चीथड़े, भयावह मंजर
शुक्रवार को रोजाना की तरह घर के भीतर पटाखे बनाए जा रहे थे, तभी अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पटाखों में जोरदार धमाके होने लगे। लगातार हो रहे विस्फोटों से मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर घर के बाहर जा गिरे। घटनास्थल का दृश्य बेहद भयानक था, जिसने पूरे गांव में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।
इस त्रासदी के बीच, अमीरुद्दीन की बहू आग लगने की जानकारी मिलते ही किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रहीं और अपनी जान बचा ली। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
बचाव कार्य में चुनौती, गांव में पसरा मातम
शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर के बाहर तीन शवों की पुष्टि हुई है, जबकि चार अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की बात कही जा रही है। घर के भीतर रखे पटाखों में रह-रहकर विस्फोट होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी परेशानी आ रही है। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे आलमपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी है, वहीं बचाव दल मलबे में दबे अन्य लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहा है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध पटाखा निर्माण के खतरों को उजागर कर दिया है।








You must be logged in to post a comment.