Darbhanga Prostitution Racket: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा में एक बड़े देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के आर एस टैंक कीर्तन भवन मोहल्ले में गुरुवार देर शाम पुलिस ने छापेमारी कर दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 112 की पुलिस टीम को देखकर मौके से 6-7 युवक फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मोहल्ले में पारस जी के किराए के मकान में पिछले करीब दो महीने से दो महिलाएं रह रही थीं। आरोप है कि ये दोनों महिलाएं इस मकान में देह व्यापार का धंधा चला रही थीं। लगभग 15 दिन पहले ही मोहल्ले के कुछ लोगों को इस गोरखधंधे की भनक लग गई थी।
पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए युवक
गुरुवार की देर शाम मकान में कई युवकों का लगातार आना-जाना देखकर स्थानीय लोगों का शक गहरा गया। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को इस अवैध गतिविधि की सूचना दी। हालांकि, लोगों का आरोप है कि सूचना देने के लगभग दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस के आने की भनक लगते ही घर में मौजूद 6-7 युवक वहां से भाग निकले। इसके बाद 112 की पुलिस टीम ने मकान में छापेमारी की और दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए बहादुरपुर थाने ले गई।
किराए के मकानों के सत्यापन की मांग
इस घटना के बाद आर एस टैंक कीर्तन भवन मोहल्ले में देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में किराए पर दिए गए सभी मकानों का सत्यापन कराया जाए, ताकि ऐसे अवैध धंधों पर लगाम लगाई जा सके। मोहल्लेवासियों का कहना है कि सत्यापन से ऐसे आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगेगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया, ‘दो महिलाओं को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। मौके से फरार हुए युवकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। स्थानीय लोगों से भी इस मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मकान मालिक से भी पूछताछ की जा सकती है।’
पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार हुए युवकों की तलाश में भी टीमें लगाई गई हैं।







