Bihar Police Murder: ‘बिहार पुलिस’ के एक दारोगा की संदिग्ध मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। नवगछिया न्यू पुलिस लाइन में तैनात दारोगा योगेश कुमार साह की मौत के बाद अब उनके पिता ने पत्नी गुड़िया कुमारी पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह घटना अंतरजातीय प्रेम विवाह के कुछ ही महीनों बाद हुई है, जिससे पूरे मामले में गहरा रहस्य पैदा हो गया है।
बांका जिले के बाराहाट प्रखंड स्थित पत्ताडीह गांव के निवासी योगेश कुमार साह नवगछिया एसपी कार्यालय में लेखपाल के पद पर कार्यरत थे। 24 अक्टूबर को नवगछिया न्यू पुलिस लाइन में उनका शव फंदे से लटका मिला था। इस मामले में उनके पिता रामकृष्ण साह ने नवगछिया थाने में गुड़िया कुमारी और उनके पिता बमबम राय के खिलाफ हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
दारोगा की मौत, पत्नी पर हत्या का आरोप
रामकृष्ण साह ने बताया कि 24 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें योगेश की मौत की खबर दी गई। नवगछिया पुलिस लाइन पहुंचने पर उन्होंने देखा कि योगेश के कमरे का दरवाजा खुला था और उनका पैर चौकी से सटा हुआ मुड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने दबाव डालकर योगेश के शव का पोस्टमार्टम करवाया और फिर शव परिवार को सौंप दिया।
रामकृष्ण साह ने प्राथमिकी में कहा, ‘मुझे लगता है कि मेरे बेटे योगेश कुमार की पत्नी गुड़िया कुमारी, पिता बमबम राय, ग्राम छींट मकंदपुर, थाना अकबरनगर, जिला भागलपुर ने साजिश के तहत उनके पुत्र की हत्या करवा दी है।’
उन्होंने इस पूरे मामले की एसआईटी (SIT) जांच कराने और रिपोर्ट न्यायालय में पेश करने की मांग की है। नवगछिया थानाध्यक्ष अरविंद राय ने इस संबंध में बताया कि नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रेम विवाह और प्रताड़ना के आरोप
दारोगा योगेश कुमार साह और गुड़िया कुमारी ने कुछ महीने पहले ही अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। योगेश के पिता का आरोप है कि गुड़िया लगातार उनके बेटे पर दबाव बनाती थी। योगेश की सौतेली मां उर्वशी देवी ने भी घटना के समय रोते हुए गुड़िया कुमारी पर गंभीर आरोप लगाए थे।
उर्वशी देवी ने कहा था, ‘योगेश की हत्या गुड़िया कुमारी ने करवाई है। गुड़िया योगेश को टॉर्चर करती थी।’
परिवार का कहना है कि गुड़िया कुमारी योगेश को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। इस आरोप के बाद पुलिस जांच का दायरा और बढ़ गया है।
घटना से एक दिन पहले क्या हुआ?
गुड़िया कुमारी पटना के सचिवालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत हैं। दुर्गा पूजा की छुट्टियों में वह नवगछिया आई थीं और अपने पति योगेश कुमार के साथ पुलिस लाइन में रुकी थीं। इस दौरान दोनों ने साथ में पूजा पंडालों का भी भ्रमण किया था।
हालांकि, योगेश की मौत से ठीक एक दिन पहले गुड़िया नवगछिया से पटना लौट गई थीं। अगले दिन सुबह योगेश का शव कमरे में रस्सी से लटका मिला। पति की मौत की खबर मिलने पर गुड़िया वापस पटना से नवगछिया पुलिस लाइन पहुंची थीं। अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़कर सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

















