
आकिल हुसैन मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। हरलाखी प्रखंड के एक गांव के युवक रवि कुमार झा ने सीएम के मधुबनी आगमन पर होने वाले कार्यक्रम में आत्मदाह कर लेने की धमकी दी है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। दरअसल युवक वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार व फर्जी शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए संघर्ष कर रहे हैं। डीएम सहित विभिन्न पदाधिकारियों को आवेदन देकर आजिज हो चुके हैं। इस दौरान जब उन्हें दस जनवरी को सीएम के मधुबनी आगमन की जानकारी मिली तो उसने आस पास के लोगों को कहना शुरू कर दिया कि वे सीएम नीतीश कुमार के सामने आत्मदाह कर लेंगे। इस मामले की जानकारी लेने जब देशज टाइम्स संवाददाता उसके घर पहुंचे तो रवि कुमार ने इस बात को न सिर्फ स्वीकार किया बल्कि वीडियो बयान देकर आत्मदाह करने की धमकी भी दे दी। उसने डाक रजिस्ट्री की प्राप्ति रशीद व डीएम को भेजे गए एक आवेदन भी दिखाया जिसमें उसने सीएम कार्यक्रम में आत्मदाह करने की बात कही है। साथ ही उसने जिला शिक्षा पदाधिकारी रामकुमार मधवापुर बीइओ उमेश बैठा लिपिक विजय शंकर ठाकुर शिक्षक अनिल लाल कर्ण व मिथिलेश कुमार पर आरोप लगाया है कि वे लोग रैकेट चलाकर 114 फर्जी शिक्षकों की बहाली कर करीब दस करोड़ रुपए की काली कमाई की है जिसकी जांच के लिए कई बार संबंधित पदाधिकारी को आवेदन दिया गया लेकिन मामले में कोई पहल नहीं हुई। युवक द्वारा दावा किया गया है कि अगर वर्ष 18 के मार्च माह का एडवाइस का मिलान जून जुलाई अगस्त सितंबर से करने पर फर्जीवाड़ा उजागर हो जाएगा। एसएसए खाता का बैंक एडवाइस मंगा कर जांच में खुलासा हो जाएगा। इतना ही नहीं युवक ने बीइओ पर अपने बेटे व दामाद को भी फर्जी तरीके से शिक्षक बहाली करने का आरोप लगाया है। लिपिक पर अपनी बेटी की फर्जी बहाली नहरनिया पंचायत में कराने का भी आरोप लगाया है। वहीं शिक्षक अनिल लाल कर्ण पर अपनी पत्नी को एमएस साहरघाट में फर्जी तरीके से बहाली कराने का आरोप है। जबकि वे विद्यालय से वर्ष तेरह से ही बिना सूचना के अनुपस्थित है और वेतन भुगतान भी जारी है। मिथिलेश कुमार पर भी अपनी पत्नी साला व भाई को फर्जी तरीके से बहाल करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में डीईओ श्रीराम कुमार ने बताया कि मामले में डीएम के निर्देश पर बेनीपट्टी एसडीओ के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है।








You must be logged in to post a comment.