Begusarai Crime: बिहार के बेगूसराय जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मंझौल थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग ने 10 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इस घिनौनी वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामबालक पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 21 जून की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
आम चुनने के बहाने बुलाया, फिर की दरिंदगी
पुलिस को दी गई एफआईआर के अनुसार, 10 वर्षीय बच्ची की मां ने बताया कि पबड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय रामबालक पंडित ने उनकी बेटी को आम चुनने के बहाने अपने बगीचे में बुलाया। बच्ची जब वहां पहुंची, तो बुजुर्ग ने उसके साथ हैवानियत की। घटना के बाद बच्ची रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और उसने पूरी आपबीती सुनाई। यह सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।






बच्ची ने अपनी मां को बताया, “आम चुनने के बहाने रामबालक पंडित उसे बगीचे में ले गया। वहां गलत कार्य करने लगा।”
ग्रामीणों ने दबोचा आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी रामबालक पंडित को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने आरोपी को दबोच लिया था, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। बेगूसराय जिले में ऐसी घटनाओं का बढ़ना चिंता का विषय है। इससे पहले 11 जून को चकिया थाना क्षेत्र में भी एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और बर्बरता की घटना ने जिले को कलंकित किया था। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








