Bihar Human Trafficking: दरभंगा में पुलिस को देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करने में बड़ी कामयाबी मिली है। किशोरी से देह व्यापार कराने वाले ‘पुष्पा गिरोह’ के दूसरे मुख्य सदस्य किशोरी साह को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर स्थित पोखरिया स्कूल के पास एक किराए के मकान से हुई है। पुलिस को आरोपित के मोबाइल फोन से एक दर्जन किशोरी, युवती और महिलाओं के आपत्तिजनक फोटो व मोबाइल नंबर मिले हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।
देह व्यापार के नेटवर्क का दूसरा अहम मोहरा गिरफ्तार
दरभंगा महिला थाना पुलिस ने बहेड़ा थाना क्षेत्र के शिवराम निवासी किशोरी साह को शनिवार देर शाम दबोचा। इससे पहले, इसी गिरोह की मुख्य सरगना मधुबनी जिले के जयनगर निवासी पुष्पा देवी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुष्पा देवी से पूछताछ के बाद उसके नेटवर्क के कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे थे, जिसके आधार पर किशोरी साह की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार किया जा सका। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।






कई जिलों में फैला था गिरोह का जाल, ऐसे होता था धंधा
जांच में सामने आया है कि पुष्पा गिरोह का नेटवर्क उतर बिहार के कई जिलों तक फैला हुआ था। इसमें दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल, सितामढ़ी, जयनगर और सकरी जैसे इलाके शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों पुष्पा देवी और किशोरी साह से हुई पूछताछ में पुलिस को इस बड़े नेटवर्क के कई राज पता चले हैं। किशोरी साह का काम युवतियों, महिलाओं और किशोरियों को बाइक से मधुबनी और सकरी जैसे स्थानों के होटलों तक ले जाना था, जहां उनसे देह व्यापार कराया जाता था। इसके बदले ग्राहकों से मोटी रकम वसूली जाती थी।
थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया, ‘पुष्पा गिरोह के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। दूसरा आरोपित किशोरी साह को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।’
किशोरी की आपबीती से खुला था राज
इस गिरोह का पर्दाफाश तब हुआ, जब जयनगर की एक किशोरी ने महिला हेल्पलाइन को अपनी आपबीती सुनाई। दो महीने पहले पुष्पा देवी ने उसे पढ़ाने-लिखाने और घर में रखने का झांसा देकर लहेरियासराय के शिवसागर मोहल्ले में अपने किराए के मकान में ले आई थी। इसके बाद आरोपित महिला किशोरी को जिले के अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर देह व्यापार कराती थी। किशोरी के पास मोबाइल न होने के कारण वह किसी को जानकारी नहीं दे पा रही थी, लेकिन मौका मिलते ही उसने महिला हेल्पलाइन से संपर्क किया। सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात महिला थाना पुलिस ने शिवसागर मोहल्ले में छापेमारी कर किशोरी को बरामद किया और पुष्पा देवी को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच के बाद किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने गिरोह की एक और महिला सदस्य की पहचान कर ली है, जो गिरफ्तार आरोपित किशोरी साह की पत्नी बताई जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।








