दरभंगा, देशज टाइम्स। जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में एसएच 88 के निर्माण में बिरौल के उघरा उसरी में उत्पन्न व्यवधान के निराकरण को लेकर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, उप महाप्रबंधक (तकनीकी),एसएच, उघरा-उसरी पंचायत के मुखिया कृष्ण कुमार मिश्र ‘‘प्रभाकर’’, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्त्ता-सह-मानवाधिकार के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार चौधरी, राजनीतिक दल के स्थानीय पदाधिकारी अजय कुमार के साथ बैठक की गयी।
बैठक में उप महाप्रबंधक ने बताया कि उक्त पंचायत के लगभग 350 मीटर में जीएसबी तक का कार्य संपन्न करा लिया गया है। मगर, उसी दौरान रैयातों ने यह कहते हुए निर्माण कार्य रोक दिया कि मुआवजा भुगतान करने के उपरांत ही कार्य करने दिया जाएगा।






इस संबंध में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि सिक्स मेन कमेटी का गठन उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में किया जा चुका है। बैठक की तिथि भी निर्धारित है। सिक्स मेन कमेटी के प्रतिवेदन प्राप्त होने पर जिलाधिकारी की ओर संपुष्टि की जाएगी। इसके उपरांत अधिसूचना जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में डेढ़ से दो माह का समय लगेगा। अधिसूचना जारी होने के उपरान्त गौड़ा मौजा के सभी 68 पंचाटी को भुगतान कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उपस्थित मुखिया एवं अन्य स्थानीय सामाजिक कार्यकर्त्ता से कहा कि यदि संबंधित रैयत की जमीन भू-अर्जन करने के लिए एलाइनमेंट में शामिल हैं, तो निश्चित रूप से उनका भुगतान किया जाएगा। भुगतान के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन आवश्यक है, इसलिए आश्वस्त रहें यदि सरकार जमीन अधिग्रहित कर रही है, तो निर्धारित मुआवजा निश्चित रूप से सभी पंचाटी को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कार्य में पहले ही विलंब हो चुका है। सड़क बन जाने से वहां रहने वाले लोगों को ही सबसे ज्यादा इसका लाभ मिलेगा। इसलिए निर्माण कार्य सम्पन्न कराने के दौरान कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं किया जाए।
उपस्थित मुखिया एवं अन्य स्थानीय सामाजिक कार्यकर्त्ता ने निर्माण कार्य में भू-स्वामियों की ओर से व्यवधान उत्पन्न न करने का आश्वासन दिया गया। निर्माण कार्य प्रारंभ कराने को कहा गया।
उनलोगों ने अधिग्रहित जमीन में कुछ पेड़ एवं मकान पड़ने की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि पेड़ों के लिए वन विभाग के माध्यम से मूल्यांकन की कार्रवाई प्रक्रिया में है, अधिग्रहित जमीन पर जो भी पेड़ या मकान हैं, उनका मुआवजा मिलेगा। आप चाहे तो उसका फोटो खिंच कर रख लें।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रतिभा रानी, उप निदेशक, जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं एसएच-88 के अन्य अभियंतगण उपस्थित थे।








