Samastipur Crime News: समस्तीपुर जिले के पूसा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सोमवार सुबह स्कूल जा रही एक छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं.
यह खौफनाक घटना वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया मलंग स्थान के पास हुई. यहां बाइक सवार एक बदमाश ने छात्रा पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया बिष्णुपुर वार्ड संख्या 14 निवासी उमेश कुमार ठाकुर की 19 वर्षीय पुत्री सुमन कुमारी के रूप में हुई है. सुमन कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय, वैनी में 12वीं कक्षा की छात्रा थी.






समस्तीपुर में कैसे हुई यह वारदात?
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे सुमन कुमारी पैदल स्कूल जा रही थी. मलंग चौक के पास चंदौली की ओर से एक बाइक पर सवार युवक ने छात्रा को ओवरटेक किया और उसका रास्ता रोक लिया. इसके बाद उसने सुमन के सीने के पास चार गोलियां दाग दीं.

गोलियां लगने से सुमन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बदमाश अपनी बाइक से चंदौली की ओर फरार हो गया. घटनास्थल से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं. मृतका की मां का नाम संगीता देवी है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
सूचना मिलते ही समस्तीपुर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तुरंत जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन हत्या के कारणों का अभी तक कोई खुलासा नहीं हो सका है.
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.









