Bihar Farmers: बिहार के किसानों के लिए एक बड़ी पहल के तौर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वासंतिक रबी महा अभियान 2026 का शुभारंभ किया है। पटना में हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सीएम सम्राट चौधरी ने
किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों के प्रति जागरूक करना है, ताकि रबी मौसम में फसलों के उत्पादन और उत्पादकता में महत्वपूर्ण वृद्धि हो सके।
हर पंचायत में लगेगी ‘किसान चौपाल’
वासंतिक रबी महा अभियान के तहत राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में ‘कृषि जन कल्याण चौपाल-सह-खेत बचाओ अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इन चौपालों के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, फसल प्रबंधन और कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कृषि विशेषज्ञ किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाने के बारे में भी बताएंगे।
खेती में तकनीक और पानी का बेहतर इस्तेमाल
अभियान के दौरान मिट्टी की जांच के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण के महत्व को लेकर भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। किसानों को समय पर बुवाई, बीजोपचार, जलवायु अनुकूल कृषि विधियों और रबी फसलों में लगने वाले रोगों व कीट-व्याधियों के प्रभावी प्रबंधन की तकनीकी जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा, ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे पानी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सके।
डिजिटल होंगे बिहार के किसान
इस अभियान के तहत बिहार कृषि ऐप के बारे में जानकारी देकर किसानों को इसे डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। किसानों को चतुर्थ कृषि रोड मैप के विभिन्न आयामों से भी अवगत कराया जाएगा। सरकार का लक्ष्य कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का विस्तार करना, किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से खेती को अधिक उत्पादक बनाना है। वासंतिक रबी महा अभियान 2026 के जरिए राज्यभर में बिहार के किसानों तक कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी पहुंचाने और उन्हें आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।








You must be logged in to post a comment.