Jale News: बिहार के जाले में एक सैनिक को घर की साफ-सफाई के विवाद में परिवार के ही सदस्यों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। गुरुवार की शाम हुई इस घटना में सैनिक के सिर में गहरी चोट आई है और वे बेहोश हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, रेवढ़ा गांव के वार्ड संख्या नौ निवासी सैनिक रविन्द्र कुमार मंडल अपने घर में साफ-सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके जेठ राकेश कुमार मंडल, जेठानी संगीता देवी और उनके दोनों पुत्र रितिक कुमार व ऋषि कुमार ने उन पर हमला कर दिया। सैनिक की पत्नी नीलम कुमारी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने डंडा और टेंगारी जैसे धारदार हथियार का इस्तेमाल किया, जिससे उनके पति का सिर फट गया और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
सिर में गंभीर चोट, डॉक्टर ने दी सीटी स्कैन की सलाह
घायल सैनिक रविन्द्र कुमार मंडल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जाले लाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने उनकी जांच की। सैनिक के सिर में गहरा जख्म होने और लगातार उल्टी की शिकायत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है, ताकि आंतरिक चोटों का पता चल सके।
भरतपुर में तैनात हैं नायब हवलदार
रविन्द्र कुमार मंडल भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे वर्तमान में भरतपुर में एओसी (आर्मी ऑर्डनेंस कोर) में एसीपी नायब हवलदार के पद पर पदस्थापित हैं। घर की साफ-सफाई के मामूली विवाद में उन पर हुए इस जानलेवा हमले से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया है। सैनिक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद अब आगे की जांच और इलाज पर सभी की निगाहें टिकी हैं।







