कुशेश्वरस्थान, देशज टाइम्स। लोकसभा चुनाव के दौरान ड्यूटी में कोताही किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक बूथों पर मूलभूत सुविधा हर हाल में बहाल हो। अगर किसी तरह की कमी हुई तो संबंधित पदाधिकारियों पर सीधी कार्रवाई करेंगे। यह बात गुरूवार को कुशेश्वरस्थान के नंद किशोर उच्च विद्यालय के सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस पदाधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारियों को चुनावी समीक्षा के दौरान डीएम त्यागराजन एसएम ने कही। कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम व बेनीपुर विधानसभा के पदाधिकारियों से डीएम ने चुनावी निर्देश देते हुए कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट बूथों के आसपास के गांवों में गोपनीय ढंग से दौऱा कर संवेदनशील लोगों को चिन्हित कर थाना को सूचना दें। उनपर 107 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसके बावजूद, संवेदनशील लोगों की गतिविधि नहीं सुधरी तो चुनाव से चौबीस घंटे पहले उन्हें हिरासत में ले। खासकर, कुशेश्वरस्थान पूर्वी इलाके के अठारह व गौड़ाबोराम के 17 असिंवेदनशील बूथों के संबंध में उन्होंने एसडीओ, डीएसपी व थानाध्यक्ष को विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया। डीएम डॉ. त्यागराजन ने कुशेश्वरस्थान विधान सभा के 248, गौड़ाबौराम विधानसभा के 248 व बेनीपुर के सभी बूथों के विशेष प्रतिवेदन एक सप्ताह
के अंदर एसडीओं को सौंपने का निर्देश दिया। दो अप्रैल से शुरू होने वाले नामांकन के लिए जुलूस व उम्मीदवारों के लिए रूट मैप का निर्धारण शीध्र करने का निर्देश दिया। बैठक में एएसपी बाबूराम ने कहा कि हर हाल में शांतिपूर्ण चुनाव कराना हमारी प्राथमिकता है। कुशेश्वरस्थान के सुदूर इलाकों पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। इसके लिए अभी से तैयारी कर लें। मौके पर बेनीपुर एसडीओ प्रदीप कुमार झा, एसडीपीओ उमेश्वर चौधरी, बिरौल एसडीओ ब्रजकिशोर लाल, एसडीपीओ दिलीप कुमार झा, कुशेश्वरस्थान सीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, कुशेश्वरस्थान पूर्वी बीडीओ अशोक जिज्ञासू व सीओ ओमप्रकाश गुप्ता, थानाध्यक्ष मनीश कुमार सहित सभी प्रखंडों व थानों के पदाधिकारी उपस्थित थे।








You must be logged in to post a comment.