Benipur Police: सतीश चंद्र झा दरभंगा।जिले के वरीय पुलिस कप्तान जगुनाथ जलारेडी ने मंगलवार को बेनीपुर के बहेड़ा सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस विभाग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी जगुनाथ जलारेडी ने कार्यालय में बैठकर विभिन्न पंजियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने लूट, डकैती, हत्या, तख्ती और अपराध अनुक्रमनि से संबंधित सभी रिकॉर्ड्स को बारीकी से परखा। इस पड़ताल में कुछ पंजियों में त्रुटियां पाई गईं, जिन्हें तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। हालांकि, अन्य पंजियों के अद्यतन होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस कप्तान ने अपराधियों पर कड़ी नजर रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने सर्किल इंस्पेक्टर मुरलीधर साह को निर्देशित करते हुए कहा कि वे समय-समय पर थानों का दौरा करें और थानाध्यक्षों के साथ रिपोर्टों पर बारीकी से चर्चा कर उनका त्रुटि रहित निष्पादन सुनिश्चित करें।
लापरवाही करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को बख्शे नहीं जाएंगे।
– जगुनाथ जलारेडी, वरीय पुलिस कप्तान
इस अवसर पर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा, सर्किल इंस्पेक्टर मुरलीधर साह और थानाध्यक्ष पंकज कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। एसएसपी के इस कड़े रुख से जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद है।








You must be logged in to post a comment.