Darbhanga Crime: प्रभास रंजन दरभंगा।बिहार के दरभंगा में एक महिला भीड़भाड़ का डर दिखाकर सोने की चेन की ठगी का शिकार हो गई। शातिर ठग ने बड़ी चालाकी से महिला के गले से सोने की चेन उतरवाकर नकली चेन थमा दी और फरार हो गया। यह घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के सैदनगर मोहल्ले में शनिवार दोपहर को सामने आई है। पुलिस इस मामले में बिना किसी लिखित शिकायत के ही आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सैदनगर मोहल्ले की रहने वाली महिला शनिवार दोपहर अपने घर से बाजार की ओर जा रही थी। रास्ते में एक ठग ने उसे रोका और कहा कि मेले में बहुत भीड़ है, कहीं कोई उसकी सोने की चेन छीन न ले। ठग ने महिला को सलाह दी कि वह अपनी चेन उतारकर सुरक्षित रख ले। महिला ठग की बातों में आ गई और जैसे ही उसने गले से चेन उतारकर ठग के हाथ में रखे कागज पर रखी, शातिर ने पहले से अपने हाथ में रखी नकली चेन देकर असली सोने की चेन लेकर चंपत हो गया।
घर पहुंचकर महिला को लगा ठगी का झटका
जब महिला अपने घर पहुंची और कागज खोलकर देखा, तो उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। कागज में सोने की चेन की जगह नकली चेन रखी हुई थी। इस घटना के बाद महिला सदमे में आ गई। सूचना मिलने पर लहेरियासराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती छानबीन की। हालांकि, घटना स्थल बहादुरपुर थाना क्षेत्र में होने के कारण पुलिस ने महिला और उसके परिजनों को बहादुरपुर थाने में आवेदन देने को कहा।
पुलिस बिना आवेदन के कर रही आरोपियों की तलाश
बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला घटना के बाद से इतनी घबराई हुई है कि उसने अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि रविवार को भी महिला को मोबाइल पर कॉल करके आवेदन देने के लिए कहा गया था, लेकिन अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। इसके बावजूद, पुलिस ने इस दरभंगा क्राइम की घटना को गंभीरता से लिया है। ठगी करने वाले आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस विभिन्न जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाकर तहकीकात कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।







