Bihar New Lawyers: बिहार में वकालत के क्षेत्र में कदम रख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के बिहार के नए वकीलों को इसी महीने से हर महीने 5000 रुपये का मासिक स्टाइपेंड मिलना शुरू हो जाएगा। सरकार के इस फैसले से जूनियर वकीलों को शुरुआती दौर में आर्थिक संबल मिलेगा।
महाधिवक्ता एसडी संजय ने गुरुवार को इस महत्वपूर्ण जानकारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह योजना 1 जनवरी 2024 के बाद बिहार स्टेट बार काउंसिल में पंजीकृत हुए सभी नए वकीलों पर लागू होगी। निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले वकीलों को ही इस लाभ का पात्र माना जाएगा।
यह मासिक स्टाइपेंड लगातार तीन वर्षों तक दिया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य जूनियर वकीलों को उनके करियर की शुरुआत में आर्थिक रूप से सहायता प्रदान करना है। अक्सर नए वकीलों को शुरुआती दिनों में कम आय के कारण संघर्ष करना पड़ता है।
महाधिवक्ता एसडी संजय ने कहा, ‘यह एक नई योजना है, इसलिए शुरुआत में कुछ छोटी-मोटी दिक्कतें आ सकती हैं। हालांकि, सरकार नए वकीलों को इस योजना का पूरा लाभ देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’
नए वकीलों को मिलेगी तीन साल तक आर्थिक मदद
इस पहल से बिहार में वकालत के पेशे में आने वाले युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। यह कदम उन्हें बिना आर्थिक चिंता के अपने कानूनी ज्ञान और अनुभव को बढ़ाने का अवसर देगा, जिससे राज्य में कानूनी सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद है।
योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए बिहार सरकार और बिहार स्टेट बार काउंसिल मिलकर काम कर रहे हैं। आने वाले समय में इसके आवेदन प्रक्रिया और अन्य विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे, जिससे पात्र वकील आसानी से इसका लाभ उठा सकें।







