Bihar Investment: नई दिल्ली में आयोजित युनाइटेड इकोनॉमिक ब्रिक्स समिट 2026 में सहरसा सदर विधायक ई. आईपी गुप्ता ने बिहार के युवाओं के पलायन को रोकने के लिए बड़ा आह्वान किया है। उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों से राज्य में उद्योग स्थापित करने की अपील करते हुए कहा कि बिहार को केवल श्रम देने वाला नहीं, बल्कि निवेश का मजबूत केंद्र बनाना होगा।
गुरुवार को लोकनायक भवन में आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. आईपी गुप्ता ने बिहार की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रतिभाशाली युवाओं की बड़ी संख्या है, जो पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराते हैं। निवेश बढ़ने से नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और बिहार की अर्थव्यवस्था को नई शक्ति मिलेगी।
ई. आईपी गुप्ता ने स्पष्ट किया कि रोजगार की तलाश में बिहार के युवाओं का दूसरे राज्यों की ओर पलायन एक गंभीर चुनौती है। इस स्थिति को बदलने के लिए निजी निवेश, उद्योग और व्यापार का विस्तार बेहद जरूरी है। उनका मानना है कि बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर ही उद्यमिता और रोजगार के अवसर पैदा करने होंगे।
बिहार को चाहिए निवेश, श्रम नहीं
ई. आईपी गुप्ता ने कहा कि बिहार को केवल श्रम उपलब्ध कराने वाले राज्य की पहचान से बाहर निकलना होगा। उन्होंने निवेशकों से आग्रह किया कि वे बिहार की संभावनाओं को समझें और यहां उद्योगों की स्थापना कर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करें। यह समय की मांग है कि बिहार को उद्योग, व्यापार और निवेश का मजबूत केंद्र बनाया जाए।
समावेशी विकास और रोजगार सृजन पर जोर
समिट में मौजूद आईआईपी के नेताओं ने भी पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि इंडियन इंक्लूसिव पार्टी बिहार में समावेशी विकास, रोजगार सृजन और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करेगी। बिहार को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके लिए उद्योग एवं निवेश को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।
इस कार्यक्रम में आईआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सुपौल जिला लोकसभा प्रभारी राजकुमार दास, बिहार प्रदेश प्रवक्ता सह सहरसा जिला प्रभारी डॉ. धनोज कुमार, बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रसाद, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संजीत कुमार दास और दिल्ली प्रदेश महासचिव संजय कुमार सहित कई अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे। पार्टी का लक्ष्य है कि बिहार में उद्योगों का जाल बिछे और कोई भी युवा रोजगार के लिए बाहर जाने को मजबूर न हो।







You must be logged in to post a comment.