Bihar Police Transfer: बिहार में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। राज्य पुलिस महकमे में तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है, जिसके तहत पटना में 195 दारोगा का ट्रांसफर किया गया है। यह फैसला कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे पहले 3 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया था, जबकि 2 आईपीएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार मिला था और एक डीएसपी का भी ट्रांसफर हुआ था।

पटना नगर पूर्वी क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से बदलाव
राजधानी पटना के नगर पूर्वी क्षेत्र में तैनात 83 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से ट्रांसफर कर दिया गया है। पटना नगर एसपी पूर्वी ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को चौबीस घंटे के भीतर अपने नए तैनाती स्थल पर योगदान करने का निर्देश दिया है। इस दौरान थानाध्यक्षों को अपने स्तर पर अनुसंधान और विधि व्यवस्था से जुड़ी ड्यूटी सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि किसी भी तरह से पुलिसिंग प्रभावित न हो।
ग्रामीण इलाकों में दो साल से जमे दारोगा भी बदले
पटना के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ा फेरबदल किया गया है। यहां दो साल से अधिक समय से एक ही जगह पर पदस्थापित 112 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया गया है। इन सभी दारोगा को एक सप्ताह के अंदर अपने नए स्थान पर योगदान करने के लिए कहा गया है। यह कदम लंबे समय से एक ही जगह पर जमे अधिकारियों को बदलने और पुलिस कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा लाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
पटना नगर एसपी पूर्वी ने आदेश जारी करते हुए कहा है, ‘सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारी 24 घंटे के अंदर अपने नए स्थान पर योगदान करें। थानाध्यक्ष अनुसंधान और विधि व्यवस्था की ड्यूटी सुनिश्चित कराएं।’
इन तबादलों से पटना की पुलिस व्यवस्था में नई गति आने की उम्मीद है। अधिकारियों के नए स्थानों पर पहुंचने के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार आगे के कदम उठाए जाएंगे।








You must be logged in to post a comment.