दरभंगा, देशज टाइम्स। दरभंगा के लिए बड़ी उपलब्धि है। 20 नवंबर को टेलीकास्ट हुए कौन बनेगा करोड़पति जूनियर में दरभंगा के अक्षय आनंद ने 7 लाख 30 हजार की इनामी राशि जीती। इनमें से 6 लाख 40 हजार की राशि सामान्य राउंड से जबकि 90 हज़ार की राशि रैपिड फायर सवालों का जवाब (Darbhanga Public School student Akshay Anand wins 7.3 lakhs in KBC Junior) देकर जीती गई।
असिस्टेंट प्रोफेसर घनश्याम कुमार झा एवं बैंक कर्मचारी स्व. आरती झा का पुत्र अक्षय आनंद दिल्ली मोड़ स्थित दरभंगा पब्लिक स्कूल में छठी कक्षा का छात्र है।

के॰बी॰सी॰ जूनियर में 7 करोड़ के इनामी राशि के लिए खेलते हुए अक्षय ने बिग बी के पहले 10 प्रश्नों का सही उत्तर बेहद आत्मविश्वास के साथ दिया । 11वें सवाल के लिए अक्षय के तीनों लाइफ लाइन इस्तेमाल हो गए लेकिन आखिर में सही जवाब देकर अक्षय ने ₹6 लाख 40 हजार जीत लिया।
जब अक्षय 7 करोड़ से महज़ 5 कदम दूर था। तब 12वें सवाल में अक्षय को दो विकल्पों के बीच मन में संशय हुआ और उसने रिस्क लेने की जगह गेम को जीती इनामी राशि के साथ छोड़ना बेहतर समझा।
प्रसारित एपिसोड में अमिताभ बच्चन भी अक्षय की हाजिर जवाबी से प्रभावित दिखे और अक्षय के चुटकुलों पर जम कर हंसे। अक्षय के पिता घनश्याम कुमार झा ने बताया कि बचपन से ही अक्षय की सिलेबस के साथ-साथ अतिरिक्त किताबों एवं जानकारियों में भी गहन रुचि रही है, जिसने उसका सामान्य ज्ञान का आधार बहुत मजबूत कर दिया है।
दरभंगा पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. मदन कुमार मिश्रा ने अक्षय की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह न केवल विद्यालय बल्कि पूरे दरभंगा के लिए एक गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण है।
जानकारी के अनुसार, अक्षय की मां स्व. आरती झा भी 4 साल पहले कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर पहुंच चुकी थी। अक्षय टेलीफोन राउंड के माध्यम से कौन बनेगा करोड़पति तक पहुंचने के लिए अपनी मां से मार्गदर्शन ले रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश उनका केबीसी जूनियर में चयन होने और एपिसोड शूट के बीच में ही उनकी मां का देहांत हो गया।

